scriptकांग्रेस दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच जमकर हुआ हंगामा | Demonstrate power of Congress contenders, fierce ruckus between slogan | Patrika News
शाजापुर

कांग्रेस दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच जमकर हुआ हंगामा

शाजापुर-आगर से 40 से अधिक दावेदार, देर रात तक दावेदारों से मिलते रहे प्रदेश प्रभारी बावरिया

शाजापुरJul 22, 2018 / 12:07 pm

Gopal Bajpai

patrika

कांग्रेस दावेदारों का शक्ती प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच जमकर हुआ हंगामा

शाजापुर.

हर बार की तरह इस बार भी कांग्रेस की बैठक हंगामेदार रही। शाजापुर और आगर जिले की पांचों विधानसभा सीटों से दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं से चर्चा करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया को जमकर हंगामे का सामना करना पड़ा। कुछ दावेदारों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की, जिन्हें सभा स्थल से बाहर कर दिया। तो कुछ दावेदारों में बहस भी चलती रही। देर शाम तक प्रदेश प्रभारी दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा करते रहे।
अभा कांगे्रस कमेटी के महासचिव व प्रदेश कांगे्रस प्रभारी दीपक बावरीया शनिवार को आगर व शाजापुर जिले की संयुक्त कार्यकर्ताओं की बैठक और दावेदारों से चर्चा करने आए थे। सुबह ११ बजे पहुंचे प्रदेश प्रभारी बावरिया ने पहले हायर सेकंडरी स्कूल मैदान में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। हालांकि इस बैठक में मीडिया को आने से रोक दिया। इसके बाद गांधीहाल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां शाजापुर विधानसभा से पूर्व मंत्री हुकुमसिंह कराड़ा हजारों समर्थकों के साथ प्रदेश प्रभारी से मिले। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामवीरसिंह सिकरवार ने भी दमदारी से दावेदारी पेश की। गांधी हाल में आगर-शाजापुर जिले की पांचों विधानसभा के लिए करीब ४० दावेदार पहुंचने लगे। जैसे-जैसे दावेदारों और समर्थकों की संख्या बढऩे लगी माहौल हंगामामय हो गया। ऐसे में युवक कांग्रेस के नेता नरेश कप्तान समर्थकों के साथ झंडे लेकर गांधी हॉल आकर जमकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। कप्तान समर्थकों को प्रदेश प्रभारी बावरिया ने नारेबाजी से रोका लेकिन नारेबाजी बंद नहीं की। जिस पर प्रभारी दीपक बावरिया ने नाराजगी जाहिर करते हुए हुड़दंगी समर्थकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। हालांकि नारेबाजी व हंगामे की घटना पर कप्तान ने प्रदेश प्रभारी बावरिया से खेद व्यक्त किया। पूर्व में भी कांग्रेस की बड़ी बैठकों में कप्तान समर्थकों द्वारा हंगामा किया जाता रहा है। प्रदेश प्रभारी के सामने शाजापुर जिले की शाजापुर, शुजालपुर, कालापीपल और आगर जिले की आगर और सुसनेर विधानसभा से लगभग ४० से अधिक दावेदारों ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए बायोडाटा सौंपकर दावेदारी पेश की।

टिकिट किसी को भी मिले, सब एकजुट रहे- बावरिया
कांग्रेस प्रभारी बावरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। टिकिट मांगना हर सक्रीय कार्यकर्ता का अधिकार है। टिकिट किसी को भी मिले लेकिन सब एकजुट रहकर कांग्रेस का हाथ मजबूत करेंगे। बावरिया ने कांग्रेस नेताओ को एकजुटता की कसम भी दिलवाई। बावरिया ने कहा कि भाजपा सरकार के १५ साल के कार्यकाल से हर वर्ग दुखी है। रोजगार नहीं मिलने से युवा परेशान है, व्यापारी टेक्स की मार से परेशान है। किसान आत्म हत्या करने पर मजबूर हैं और आमजन महंगाई से परेशान है। १५ साल बाद भी ये सरकार झूठ बोल रही है। भाजपा भ्रम न फैला सके इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की आवश्यकता है।

वन-टू-वन मिले दावेदारों से
शाजापुर और आगर विधानसभा से पांचों सीटों के लिए लगभग ४० से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। प्रदेश प्रभारी बावरिया को बायोडाटा भी सौंपा गया। इसके बाद शाम से रेस्ट हाऊस पर पांचों विधानसभा के दावेदारों से चर्चा की गई। रात तक दावेदारों से मिलने और चर्चा करने का सिलसिला जारी था। इस दौरान प्रत्येक दावेदार एवं इनके ५ समर्थकों के साथ चर्चा की गई। शाजापुर विधानसभा से सबसे अधिक कांगे्रस कार्यकर्ता प्रमुख दावेदारों के साथ आए थे। पूर्व मंत्री एवं विधानसभा के सबसे मजबूत दावेदार हुकुमसिंह कराड़ा अपने हजारों समर्थकों के साथ दावेदारी पेश करने पहुंचे थे। इनके समर्थकों ने झंडे एवं बेनरों से हायर सेकंडरी ग्राउंड और गांधी हॉल को तिरंगे से पाट रखा था। दोनों जिले से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कारण अचानक लगा मेला लोगों में कोतुहल का विषय बना रहा। टिकिट दौड़ में कुछ दावेदार ऐसे भी देखे गए जिन्होंने आज तक सडक़ पर कांग्रेस के धरना, प्रदर्शन, आंदोलन में भाग नहीं लिया।

इनका कहना
शाजापुर-आगर जिले के सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भेंट की हैं। कार्यकर्ताओं का जोश बता रहा है कि दोनों जिलो में कांग्रेस मजबूत है। विधानसभा का उम्मीदवार जनाधार वाले एवं जीतने वाले व्यक्ति को बनाया जाएगा।
– दीपक बावरिया, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो