scriptसुकून देने वाली खबरः एक ही छत के नीचे हुई 33 हिन्दू और 3 मुस्लिम जोड़ों की शादी | Hindu and Muslim couples married together | Patrika News

सुकून देने वाली खबरः एक ही छत के नीचे हुई 33 हिन्दू और 3 मुस्लिम जोड़ों की शादी

locationशाजापुरPublished: May 23, 2022 11:55:08 am

Submitted by:

Manish Gite

मंदिर-मस्जिद के गर्म माहौल में सुकून देने वाली खबर…।

shaja1.jpg

शाजापुर। देश में जहां मंदिर-मस्जिद के मुद्दे पर माहौल गर्म है, वहीं मध्य प्रदेश के शाजापुर में सर्वधर्म सद्भाव की इबारत लिखी गई। सामाजिक संगठनों ने हिंदू और मुस्लिम जोड़ों का एक ही छत के नीचे विवाह समारोह करा हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल कायम की। इसमें 33 हिन्दू और 3 मुस्लिम जोड़ों की शादी हुई।

लालघाटी क्षेत्र के निजी मैरेज गार्डन में दो धर्मों के रीति-रिवाज के साथ नवयुगल जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। सामूहिक विवाह सम्मेलन सांप्रदायिक एकता में रंग नजर आया। एकता सर्वधर्म समाज विकास समिति 13 साल से यह आयोजन कर रही है। एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार से हिंदू जोड़ों का विवाह, दूसरी ओर मुस्लिम जोड़ों का निकाह करवाया गया।

 

हरसंभव योगदान देगा शासन

कलेक्टर दिनेश जैन ने कहा, एकता समिति के सदस्यों ने निरंतर यह सम्मेलन कर मिसाल कायम की है। सभी धर्मों के लोग ग्रुप से जुड़े हैं। ऐसे आयोजनों में शासन हरसंभव योगदान का प्रयास करेगा। हम लोग एक-दूसरे से घुल-मिल चुके हैं। इस संस्कृति को हमें आगे बढ़ाना है।

 

एक शादी टली

एकता समिति के अध्यक्ष वकार अली ने बताया हिंदू जोड़ों के पं. अनोखी लाल शर्मा ने फेरे करवाए, मुस्लिम जोड़ों को काजी मोहसिन उल्लाह नायब के नेतृत्व में निकाह पढ़ाया गया। एक दुल्हन की उम्र 6 माह कम होने से शादी टाल दी गई। ग्रुप संरक्षक रामवीर सिंह सिकरवार ने कहा, ऐसे आयोजन एकता फैलाने का काम करते हैं। 36 बेटियों की शादी नि:शुल्क कराई गई। आयोजन में जन प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक समेत कई लोगों ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया। घरेलू सामान भेंट किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो