script

video : प्याज के दाम कम मिलने से किसान आक्रोशित, हाइवे जाम करते पहुंचे कलेक्टर बंगले

locationशाजापुरPublished: Feb 07, 2018 08:09:36 pm

Submitted by:

Lalit Saxena

प्याज के दाम कम मिलने से किसान नाराज हो गए और हंगामा शुरू कर दिया।

patrika

anger,farmer,complaint,Onion,trouble,shajapur news,Mandi complex,

शाजापुर. टंकी चौराहा स्थित नीलाम सब्जी मंडी में आवक बढऩे से स्थिति बिगड़ गई। पहले तो पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान हुए। बाद में प्याज के दाम कम मिलने से किसान नाराज हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे किसानों ने हाइवे पर पहुंचकर कुछ देर के लिए जाम भी लगाया। इसके बाद कलेक्टर बंगले पर पहुंच गए। यहां एडीएम ने किसानों को मंडी जाने के लिए कहा और फिर मंडी में आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्या का निराकरण किया।

किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे
सुबह करीब साढ़े 8 बजे से टंकी चौराहा स्थित मंडी में किसानों का अपनी उपज लेकर आना शुरू हो गया। यहां पर वैसे तो हर दिन 3-4 हजार क्विंटल प्याज की आवक हो रही थी, लेकिन पिछले दो-तीन दिन से आवक लगातार बढऩे लगी। बुधवार को यहां पर करीब 10 हजार क्विंटल प्याज लेकर किसान पहुंच गए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में किसानों के ट्रेक्टर-ट्रॉली लेकर आने से मंडी में टे्रक्टर खड़े रखने तक की जगह नहीं बची। ऐसे में कुछ किसान अपने वाहन लेकर बेरछा रोड पर तो कुछ हाइवे के किनारे खड़े हो गए। हजारों क्विंटल प्याज के मंडी में पहुंचने से यहां पर अव्यवस्था हो गई। सुबह करीब साढ़े 9 बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे यहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हर कोई अपनी उपज को ढंकने का प्रयास करने लगा। ट्रेक्टरों की संख्या लगातार बढऩे पर मंडी प्रबंधन ने किसानों को अपने ट्रेक्टर-ट्रॉली लेकर कृषि उपज मंडी में जाने को कहा। ताकि शेड के नीचे किसानों के ट्रेक्टर खड़े हो सकें। इसके बाद मंडी में प्याज की खरीदी शुरू हुई।

पहला लॉट 18 में तो दूसरा 12 रुपए में बिकने पर बिगड़ी स्थिति
प्याज की खरीदी शुरू होने के बाद यहां पर प्याज के पहले लॉट की बोली 18 रुपए प्रतिकिलो लगी। इसके बाद दूसरे लॉट की बोली 12 रुपए प्रतिकिलो लगने पर किसान नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। किसानों ने भाव कम मिलने की बात कहते हुए नारेबाजी करना शुरू कर दी। कुछ ही देर में किसान हाइवे पर निकल आए और जाम कर दिया। यहां से किसान कलेक्टर से मिलने कलेक्टर बंगले पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी पहुंच गई।

एडीएम ने कहा मंडी में चलकर बात करें
कलेक्टर बंगले के बाहर किसानों के होने की सूचना मिलने के बाद एडीएम मीनाक्षी सिंह यहां पहुंच गई। एडीएम सिंह ने कहा कि सभी किसान मंडी पहुंचे वहीं पर समस्या का निराकरण किया जाएगा। एडीएम की बात मानकर किसान मंडी आ गए। यहां एडीएम सिंह सहित एसडीएम यूएस मरावी और मंडी के अधिकारी-कर्मचारी भी पहुंच गए। किसानों ने बताया कि एक दिन पहले तक प्याज के दाम 24-25 रुपए प्रतिकिलो थे, लेकिन आज भाव पहले लॉट में 18 और दूसरे में केवल 12 रुपए किलो ही मिल रहे हैं।

आसपास की मंडियों से जाना भाव
किसानों की बात पर मंडी प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में जो भाव चल रहा है, उसके हिसाब से ही व्यापारी खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की मंडियों से प्याज के दाम की तलाश की तो अधिकांश जगह भाव कम ही निकले। अधिकारियों ने किसानों को कहा कि सभी जगह ये ही भाव चल रहे हैं। इसके बाद किसानों का हंगामा बंद हुआ।

शेड खाली कराने की मांग
बुधवार सुबह से आसमान पर छाए काले बादलों के डर से किसानों ने अधिकारियों के समक्ष मंडी के शेड खाली कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि वे उनकी उपज लेकर वापस जा नहीं सकते। ऐसे में मंडी स्थित शेड में मौसम से बचाकर वे उनकी उपज रख सकें इसकी व्यवस्था कराई जाए। किसानों की मांग पर एडीएम ने शेड खाली कराने का आश्वासन दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक चले हंगामे के बाद मंडी में खरीदी विधिवत शुरू हो पाई।

दो दिन के लिए मंडी को किया स्थगित
एडीएम सिंह ने बताया कि किसानों की उपज को रखने की समस्या को देखते हुए दो दिन के लिए मंडी को स्थगित किया गया है। इस अवधि में मंडी मेें शेड के नीचे रखे माल को हटवाया जाएगा। ताकि किसान विक्रय के लिए लाई गई अपनी उपज को यहां रख सकें। अधिकारियों के आश्वासन बाद किसान राजी हो गए।

ट्रेंडिंग वीडियो