शाजापुर

ठेला चालकों ने खड़ी कर दी यह समस्या, नहीे निकला हल

नगर पालिका : हाट बाजार में पैदल चलने में भी लोगों को आती हैं दिक्कतें, जिम्मेदार नहीं कर पा रहे इस समस्या का निदान

शाजापुरJul 15, 2019 / 01:31 am

rishi jaiswal

parking,jam,Hat bazar,trafic Problem,

शाजापुर. नगर पालिका ने अनेकों बार हाट बाजार की व्यवस्था सुधारने का दावा किया। कुछेक बार प्रयास भी हुए, लेकिन इसकी व्यवस्था आज तक नहीं सुधरी है। हाट बाजार में खरीदी के लिए पहुंचने वाले आमजनों को भी यहां खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी यहां पर बेतरतीब खड़े रहने वाले ठेला चालकों के कारण होती है। इस कारण पैदल चलने में भी लोग परेशान होते रहते है। इसके बाद भी इस समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है।
साप्ताहिक हाट बाजार के हाल बेहाल है। यहां न बिजली है न शौचालय की व्यवस्था है। पीने के पानी के लिए भी निजी प्याऊ के भरोसे रहना पड़़ रहा है। जबकि व्यवसायी यहां व्यापार करने के बदले हर रविवार को शुल्क का भुगतान भी करते हैं। व्यवसायियों को मवेशियों के कारण परेशानी उठाना पड़ती है। मवेशियों के कारण व्यापारियों को न सिर्फ सामान का नुकसान उठाना पड़ता है। बल्कि इनके उत्पात से कई बार ये लोग चोटिल भी हो जाते हैं। हर बार शुल्क वसूली करने आने वाले कर्मचारियों से भी व्यापारी इस समस्या के समाधान की गुहार तो लगाते हैं, लेकिन इनकी इस गुहार को वे लोग भी अनसुना कर चले जाते हैं। यही नहीं ये मवेशी व्यापारियों के सामान को भी नुकसान पहुंचाते हंै।
बीच सड़क पर खड़े होते हैं हाथ ठेला चालक
हाट बाजार में वैसे तो सड़क के दोनों ओर व्यापारी अपनी-अपनी दुकानों को संचालित करते है, लेकिन यहां पर पूरे हाट बाजार में कई हाथ ठेला चालक अपनी ठेलागाड़ी को बीच सड़क पर खड़ी करके अपना व्यापार संचालित करते है। इस कारण यहां की व्यवस्था सबसे ज्यादा बिगड़ जाती है। यहां से पैदल निकलने में भी लोग परेशान होते रहते हैं। क्योंकि सड़क के दोनों ओर दुकानों के साथ ही बीच सड़क पर ठेलों के कारण आने-जाने के लिए मार्ग बहुत ही संकरा बचता है। इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जाने से ये परेशानी दिनों दिन बढ़ती जा रही है।
वाहनों के प्रवेश से भी होती है परेशानी-पूर्व में व्यापारियों ने नपा अधिकारियों से हाट बाजार के दिन वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग की थी, लेकिन इस ओर भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। साप्ताहिक हाट बाजार में चार पहिया वाहनों के प्रवेश से कई बार जाम की स्थिति बनती है। इस कारण व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित होता है। साथ ही नगरवासियों को भी समस्या का सामना करना पड़ता है। इस रविवार को भी कई बार चार पहिया वाहनों के हाट बाजार से गुजरने के दौरान बार-बार जाम की स्थिति रही। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दो पहिया वाहनों की भी आवाजाही से हाट में अव्यवस्था होती है।

Home / Shajapur / ठेला चालकों ने खड़ी कर दी यह समस्या, नहीे निकला हल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.