MP ELECTION 2018 – भाजपा के इस नेता ने किया दावा, मना लेंगे रूठों का
शाजापुरPublished: Nov 12, 2018 12:49:19 am
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहर पहुंचे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा
amit shah,sabhs, prabhat jha, chrcha
शाजापुर. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा १८ नवंबर रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शाजापुर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले की तीनों विधानसभा के प्रमुख कार्यकताओं की बैठक ली। प्रेस से मुखाबित होने पर बागी उम्मीदवार पर उन्होंने कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं को मना लेंगे, बातचीत से सब बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोगों को गुस्सा दिखाने का अधिकार है, लेकिन पार्टी पहले है, व्यक्तिगत हित बाद में है। डैमेज कंट्रोल पर उन्होंने कहा कि मैं यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के लिए आया हूं, तीनों विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ली है। मैं कार्यकर्ताओं के बीच रहता हूं और कार्यकर्ताओं की बात करता हूं।
बता दें कि शाजापुर विधानसभा से भाजपा के बागी जेपी मंडलोई ने निर्दलीय के रूप में अपना नामांकन जमा किया है। नामांकन जमा करने के बाद शनिवार को जेपी मंडलोई ने समर्थकों के साथ समर्थन रैली भी निकाली। जेपी मंडलोई के बागी होने के बाद भाजपा खेमे में हलचल मची हुई है। हालांकि इस मामले में प्रभात झा ने कार्यकर्ताओं को मनाने की बात कही।
कांग्रेस का वचन पत्र झूठ का पुलिंदा
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रभात झा ने कांग्रेस के वचन पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि कुछ करोड़ रुपए के कर्ज माफी का हल्ला मचाने वाले सुन ले कि शिवराज सरकार ने किसानों को 33 हजार करोड़ रुपए दिये हैं। मप्र में किसान नारा लगाते हैं, शिवराज की क्या निशानी खाते में पैसा, खेत में पानी।
झा ने कहा की 29 में 28 विधायक देने वाले उज्जैन संभाग के कार्यकर्ता धन्य है। जब विश्व के सबसे बड़े राजनितिक दल के अध्यक्ष हमारे जिले में आए तो उन्हें लगना चाहिए की जिस मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की मिसाल पूरे देश में दी जाती है। वो कार्यकर्ता आज संभाग की सभी 29 सीटे जीताकर देने के लिए कमर कसके खड़ा है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरूण चुग ने राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के दौरा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
बैरंग लौटे झा, डैमेज कंट्रोल की जिम्मेदारी ऊंटवाल को
शाजापुर. भाजपा से बागी जेपीजी मंडलोई के निर्दलीय चुनाव लडऩे के फैसले के बाद भाजपा में खलबली मची हुई है। रविवार को डैमेज कंट्रोल के लिए शाजापुर आए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा भी बैरंग लौटे। जानकारी के मुताबिक शाजापुर पहुंचने के बाद प्रभात झा ने जेपी मंडलोई संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जेपी मंडलोई ने झा से मुलाकात नहीं की।
अब शाजापुर में डैमेज कंट्रोल की जिम्मेदारी सांसद व आगर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार मनोहर ऊंटवाल को सौंपी है। आगे देखने वाली बात होगी की जेपी मंडलोई अपना फार्म खींचते है या बगावती तेवर जारी रखते हुए चुनावी रण में ताल ठोककर खड़े रहते हैं।