आज के दौर में जितनी मेहनत करोगे उतना कम
कार्निवल-3 के दूसरे दिन खेल गतिविधियों में खिलाडिय़ों ने दिखाया हुनर

शाजापुर.
अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते है, लेकिन आज जमाना बदल चुका है और आज कॉम्प्टीशन का दौर है जिसमें जितनी मेहनत करोगे उतना कम है। इसलिए जितना आप शिक्षा के प्रति गंभीर हैं उतना ही खेलों के प्रति भी गंभीर रहें और खेलों में भी पूरी तन्मयता से भाग लेकर इसे भी गंभीरता से लें।
यह बात अपर कलेक्टर नवीत धुर्वे ने गुरुवार को कौटिल्य एज्यूकेशन एकेडमी में चल रहे कार्निवल-3 के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पहले के जमाने में इस प्रकार की कोई गतिविधियां नहीं हुआ करती थी और बच्चों को केवल पढ़ाई पर फोकस करना होता था और उन्हें अन्य गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं हुआ करती थी, लेकिन आज स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसलिए आप इनका फायदा उठाते हुए इन गतिविधियों को भी अपनाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरआई विक्रमसिंह भदौरिया ने कहा कि आज बच्चे मोबाइल, कम्प्यूटर, लैपटॉप में उलझे रहते हैं और घर के बाहर नहीं निकलते हैं, बल्कि पहले के जमाने में माताएं अपने बच्चों को घर के बाहर से बुलाकर लाना पड़ता था और मौका मिलते ही बच्चे फिर घर से बाहर निकल जाया करते थे। इसीलिए वे लोग आज भी इतने तंदुरूस्त और फीट हैं। आप लोगों को बनावटी दुनिया से बाहर निकलना चाहिए और मैदान में जाकर अपने शरीर को तंदुरूस्त रखना चाहिए। विद्यालय संचालक ब्रजेश यादव ने कहा कि बच्चों का संपूर्ण विकास खेलों के माध्यम से ही संभव है। इसलिए हमारी अपेक्षा शिक्षा में तो अच्छे परिणाम की तो है ही, लेकिन खेलों की गतिविधयों में भी हम चाहते हैं कि आप शाजापुर का नाम रोशन करें। इस अवसर पर संचालिका शशि यादव, प्रशासनिक समिति अधिकारी अरविंद यादव, प्राचार्य थॉमस जॉन, उप प्राचार्य नरेंद्रसिंह डोडिया मंचासीन थे। कार्यक्रम में उमा यादव, राखी दुबे, धर्मेंद्रसिंह डोडिया, सुनील मंडलोई, सुषमा विश्वकर्मा, ममता यादव, सुमायला खान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे। संचालन रामकृष्ण पाटीदार ने किया तथा आभार आर्यन यादव ने माना।
बच्चों को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर धुर्वेे व आरआइ भदौरिया ने गत दिनों विद्यालय में आयोजित खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके पूर्व मार्च पास्ट व मशाल जलाकर विधिवत रूप से अतिथियों ने खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद बच्चों की 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ में भाग लिया। वहीं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी खेल गतिविधियों में भाग लिया।
अब पाइए अपने शहर ( Shajapur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज