scriptपॉजिटिव युवक के संपर्क में आए 37 लोग, 17 के लिए सैंपल | 37 people exposed to positive youth, sample for 17 | Patrika News

पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए 37 लोग, 17 के लिए सैंपल

locationश्योपुरPublished: May 24, 2020 09:10:46 am

Submitted by:

Anoop Bhargava

– जावदेश्वर कंटेनमेंट बना जोन, पुलिस ने की नाकेबंदी- कलेक्टर भी पहुंचे कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करने

पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए 37 लोग, 17 के लिए सैंपल

पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए 37 लोग, 17 के लिए सैंपल

श्योपुर
पांचवां कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन ने युवक के संपर्क में आए 37 लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें 18 युवक के परिवार के सदस्य हैं। परिवार के सभी सदस्यों को श्योपुर लाकर छात्रावास में क्वॉरंटीन किया गया है। वहीं 19 अन्य लोगों को होम क्वॉरंटीन किया गया है। कोरोना पॉजिटिव युवक के परिवार के 17 सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं। जावदेश्वर गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने कंटेनमेंट जोन में आने वाले क्षेत्रों की नाकेबंदी कर दी है। जिससे कोई भी व्यक्ति बाहर न निकल सके। लोगों को भी बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
शनिवार को कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अधिकारियों की टीम के साथ जावदेश्वर गांव पहुंचे। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के माध्यम से क्षेत्र में बैरीकेट्स लगवाने के निर्देश दिए। कंटेनमेंट जोन में बनाए गए कंट्रोल रूम को देखा। साथ ही निर्देश दिए कि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। खाद्य सामग्री के साथ जरुरत की चीजें उपलब्ध कराई जाएं। इस मोके पर जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, सहायक कलेक्टर पवार नवजीवन विजय, एसडीएम रूपेश उपाध्याय, सीएमएचओ डॉ. एआर करोरिया एवं अन्य विभागीय अधिकारी उनके साथ थे।
युवक के परिजन, एक डॉक्टर, वार्ड में भर्ती मरीज व अटेंडरों के लिए सैंपल
कोरोना पॉजिटिव निकले युवक के संपर्क में आने वाले उसके परिजनों के अलावा अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान इलाज करने वाले डॉक्टर, वार्ड में भर्ती मरीज, उनके अटेंडर व नर्सिंग स्टाफ सहित 24 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 17 युवक के परिवार के सदस्य, एक डॉक्टर व 7 अन्य लोग शामिल हैं।
सील इलाके की जद में करीब 100 घर
जावदेश्वर निवासी कोरोना पॉजिटिव युवक के घर का इलाका जिला प्रशासन से पूरी तरह सील कर दिया है। इसके साथ ही सील किए गए इलाके की जद में करीब 100 घर आए हैं। सील किए गए क्षेत्र से कोई व्यक्ति बाहर नहीं निकल सकेगा। इसके लिए सभी को प्रशासन ने हिदायत दे दी है। लोगों से कहा गया है कि आवश्यकता पडऩे पर कंट्रोल रूम को जानकारी दें। कंट्रोल रूम से ही जरुरत की वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएगीं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने किया डोर-डू-डोर सर्वे
जावदेश्वर गांव कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद ही स्वास्थ्य सतर्क हो गया है। शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने कंटेनमेंट क्षेत्र के घरों में दस्तक दी। डोर-टू-डोर सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही लोगों को बताया कि सर्दी-खांसी बुखार होने पर तत्काल जानकारी दें। जिससे समय रहते उपचार किया जा सके। साथ ही मास्क का उपयोग करने व बाहर न निकलने की सलाह दी।
इनका कहना है
जावदेश्वर गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। लोगों ने बाहर न निकलने की अपील की गई है। वहीं कोरोना पॉजिटिव आए युवक के संपर्क में आने वाले 37 लोग चिन्हित किए गए हैं। इनमें 18 उसके परिवार के सदस्य हैं।
रुपेश उपाध्याय
एसडीएम, श्योपुर

ट्रेंडिंग वीडियो