बादल छटे, हवा चली, चार डिग्री रात और दो डिग्री दिन का पारा गिरा
श्योपुर. पिछले दो-तीन दिनों से छाए हल्के बादल रविवार को छंटे तो जहां न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई, वहीं दिन का तापमान भी 2 डिग्री गिर गया। मौसम साफ होने के कारण तापमान में आई गिरावट से माहौल में गलन बढ़ गई।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन दिन से शहर सहित जिले के आसमान पर बादल छाए हुए थे, जिसके कारण रात का तापमान 12 डिग्री के आसपास चल रहा था, वहीं दिन का तापमान 22 से 25 के बीच था। लेकिन रविवार को न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान में गिरावट आई, जिससे सर्दी के तैवर तीखे हो गए। मौसम प्रेक्षक रमेश चंद शर्मा के मुताबिक शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री था, जो घटकर रविवार को 8.8 डिग्री हो गया, जबकि अधिकतम शनिवार को 22.2 डिग्री था, जो रविवार को घटकर 20.4 डिग्री पर आ गया। शर्मा ने बताया कि रविवार को आसमान साफ रहा, साथ ही 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चली, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है।