श्योपुर

पंचायत में कागजों में लग गई दूधिया रोशनी, हकीकत..एक बल्ब भी नहीं लगा

– मामला जनपद पंचायत विजयपुर की ग्राम पंचायत मगरदेह का

श्योपुरJun 15, 2021 / 10:20 pm

Anoop Bhargava

पंचायत में कागजों में लग गई दूधिया रोशनी, हकीकत..एक बल्ब भी नहीं लगा

विजयपुर
पंचायत के नुमाइंदे विकास के नाम पर न केवल अफसर बल्कि ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। इसका जीता जागता उदाहरण मगरदेह पंचायत है। जहां कागजों में दूधिया रोशनी लगा दी गई। हकीकत में गांव में लगे पोल पर एक बल्व तक नहीं है। पांच माह पहले पंचायत पहुंचे प्रभारी सचिव ने यह कागजी घोड़े दौड़ाए। डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा की एलइडी लाइट की खरीदी कर ली गई, लेकिन बिजली के पोल पर एलइडी कहीं नजर नहीं आ रही।
पंचायत स्तर पर अगर देखा जाए वहां एक भी ऐसा पोल नहीं है जहां एक सादा बल्व तक लगा हो। कागजों में पंचायत में दूधिया उजाले से जगमगा रही है। हकीकत में शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है। इतना ही नहीं सिंगल फेज मोटर की खरीदी का एक मामला भी गड़बड़ी के दायरे में है। एक कम्प्यूटर सेंटर की दुकान से मोटर की खरीद कर ली गई। असल में जिस दुकानदार का मोटर के नाम पर बिल लगाया गया है वह मोटर की एबीसीडी तक नहीं जानता। इससे साफ जाहिर है कि पंचायत में शासन से आए मद का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिम्मेदार अफसर मौन सादे बैठे हैं।
आरटीआई से मिली जानकारी
मगरदेह पंचायत में एलइडी लाइट खरीदी गड़बड़ी की जानकारी आरटीआइ के जरिए लगी। 10 मार्च 2021 को बिल व्हाउचर लगाकर प्रभारी सचिव ने 1 लाख 57 हजार 500 रुपए की राशि का आहरण किया। जिस राशि का आहरण किया गया उससे एलइडी लाइट खरीदी गई। जबकि खरीदी गई लाइट गांव के बिजली पोलों पर लगी ही नहीं है। मगरदेह पंचायत दो हजार से ज्यादा की आबादी वाली पंचायत है जिसमें दो गांव और दो मजरे टोले हैं। जहां रात होते ही अंधेरा छा जाता है।
तत्कालीन कलेक्टर जाते जाते कर गए थे बहाल
दरअसल एक समय विजयपुर जनपद में पैरा पंचायत थी। वर्ष 2009-10 में पैरा पंचायत राजस्व ग्राम की परिधि में नहीं आने से उसे विलोपित कर दिया गया। पैरा पंचायत के सचिव राजू कुशवाह को कलेक्टर दर पर मानदेय मिलता था पंचायत विलोपित हुई तो स्वत: ही सचिव घर बैठा दिए गए। सचिव के पद से हटते ही राजू कुशवाह अधिकारियों के चक्कर काटने लगे। वर्ष 2018 में तत्कालीन कलेक्टर पीएन सोलंकी सेवानिवृत्त होने जा रहे थे तब उन्होंने राजू कुशवाह को दिसम्बर 2018 में बहाल कर गोहरा पंचायत का सचिव बना दिया।
फैक्ट फाइल
मगरदेह पंचायत की आबादी – 2000
मगरदेह पंचायत में वार्ड – 12
मगरदेह पंचायत में मतदाता – 900
मगरदेह पंचायत में पोल – 45
मगरदेह पंचायत में दो गांव और दो मजरे टोले ।
वर्जन
अगर ऐसा हुआ है तो यह गंभीर मामला है। पांच माह पहले एलइडी लाइट खरीदी गई तो वह अभी तक लगी क्यों नहीं। इसकी हम जांच कराते हंै। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के साथ वसूली भी होगी।
ब्रहमेन्द्र गुप्ता
सीइओ जनपद पंचायत विजयपुर

Home / Sheopur / पंचायत में कागजों में लग गई दूधिया रोशनी, हकीकत..एक बल्ब भी नहीं लगा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.