श्योपुर

ऑपरेशन के बहाने गर्भवती के जेवर उतरवाए और गायब हो गई जालसाज

-जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में हुई ठगी की वारदात-परिजन जालसाज महिला को समझते रहे अस्पताल की कर्मचारी

श्योपुरJul 14, 2019 / 08:39 pm

Laxmi Narayan

sheopur

श्योपुर,
जिला अस्पताल में प्रसव कराने पहुंची महिला के जेवर उतरवाकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल में मौजूद एक महिला ने मेटरनिटी वार्ड में गर्भवती से जेवर उतरवाए। जालसाज महिला गर्भवती से बोली कि ऑपरेशन से पहले जेवर उतारने पड़ते हैं। गर्भवती ने महिला को जेवर उतार कर दे दिए।जिनको लेकर जालसाज महिला गायब हो गई। कुछ देर बाद पति ने अस्पताल स्टाफ से जेवर को लेकर चर्चा की, तो उन्होंने जेवर उनके पास होने से इनकार कर दिया। यह सुन परिजन सन्न रह गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक पुलिस ने इस मामले में एफआइआर दर्ज नहीं की है।
मानपुर क्षेत्र के ग्राम काशीपुर निवासी राजोबाई पत्नी करन सिंह राजपूत को बीते रोज प्रसव के लिए जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने राजोबाई का चेकअप कर बताया कि डिलीवरी ऑपरेशन के जरिए होगी। यह सुन राजोबाई घबरा गई और रोने लगी। तभी महिला जालसाज ने राजोबाई को दिलासा देकर शांत कराया और राजोबाई को इधर से उधर ले जाने में परिजनों की मदद करना शुरू कर दिया। प्रसूता के परिजन जालसाज महिला को अस्पताल की कर्मचारी समझते रहे इसी वजह वह उसके झांसे में आ गए।
जेवर उतारने से गर्भवती ने किया था इनकार
जेवर उतारने से गर्भवती ने इनकार किया था, लेकिन जालसाज महिला उससे बोली..ऑपरेशन के लिए जेवर उतारने पड़ते हैं। राजोबाई ने उससे कहा कि मेरी सास आएंगी, तब उतार दूंगी। इस पर महिला ठग गुस्सा होकर बोली.. डॉक्टर ऑपरेशन के लिए ओटी में बुला रहे है, इसलिए जल्दी जेवर उतारो। इसके बाद राजोबाई ने गले में पहन रखा सोने का हार, कान के बाले, अंगूठी, विछिया उतार दिए। महिला ठग यह जेवर एक रुमाल में बांधकर राजोबाई के पति को बाहर दे आई, लेकिन थोड़ी देर बाद वह पति के पास पहुंची और बोली, तुम्हारी सास जेवर का रुमाल अंदर मंगा रही हैं और तुम बाजार से राजोबाई के लिए कपड़े ले आओ। पति करन सिंह ने महिला ठग को रुमाल में बंधे जेवर दे दिए। जिनको लेकर महिला ठग चंपत हो गई। परिजनों को इस ठगी का पता तब चला, जब गायब हुई महिला ठग को अस्पताल के स्टॉफ ने कर्मचारी होने से इनकार कर दिया।
वर्जन
मामला अब संज्ञान में आया है।इसकी जांच करवाते हुए कार्रवाई की जाएगी। डायल 100 स्टॉफ ने सूचना मिलने के बाद मामले में क्या कार्रवाई की,इसका भी पता करवाया जा रहा है।
नगेन्द्र सिंह
एसपी,श्योपुर

Home / Sheopur / ऑपरेशन के बहाने गर्भवती के जेवर उतरवाए और गायब हो गई जालसाज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.