श्योपुर

खराब रिजल्ट पर विफरे संयुक्त संचालक,प्राचार्य और शिक्षकों का काटा वेतन

श्योपुर पहुंचे शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक,चंद्रपुरा और पांडोला स्कूल का किया निरीक्षण

श्योपुरOct 12, 2019 / 08:46 pm

Laxmi Narayan

खराब रिजल्ट पर विफरे संयुक्त संचालक,प्राचार्य और शिक्षकों का काटा वेतन

श्योपुर,
शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक अरविंद सिंह शनिवार को तब विफर गए,जब उनको स्कूल निरीक्षण के दौरान न सिर्फ त्रैमासिक रिजल्ट खराब मिला,बल्कि स्कूलों में छात्र-छात्राओ की उपस्थिति भी काफी कम मिली। संयुक्त संचालक ने शासकीय हाईस्कूल चंद्रपुरा और शासकीय हायरसेकंडरी स्कूल पांडोला के प्राचार्य सहित सभी शिक्षको के खिलाफ वेतन काटने की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी कर दिया है।
शनिवार को श्योपुर पहुंचे संयुक्त संचालक शिक्षा अरविंद सिंह ने सबसे पहले चंद्रपुरा के शासकीय हाईस्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनको कक्षा नौवी में दर्ज ५१ छात्रों में से महज १३ छात्र उपस्थित मिले। जबकि कक्षा १० वीं में १९ में से १० उपस्थित मिले। इसके अलावा त्रैमासिक परीक्षा का रिजल्ट भी खराब मिला। कक्षा १० वीं के १८ छात्रों में से १६ की ई ग्रेड और एक की डी ग्रेड आई है। जबकि कक्षा नौवी में ४० छात्रों की ई ग्रेड आई है। जो काफी चिंताजनक है। इसके बाद जेडी पांडोला के हायरसेकंडरी स्कूल पहुंचे। यहां भी जेडी को रिजल्ट की स्थिति खराब मिली। कक्षा नौवी में ८९ छात्रों में से २१ की डी ग्रेड, ४१ की ई ग्रेड, कक्षा १० वीं में ७५ में से २१ की डी ग्रेड, २२ की ई ग्रेड आई है। छात्रो की उपस्थिति भी अच्छी नहीं मिली। दोनो स्कूलों में शिक्षको की डायरियां व्यवस्थित नहीं मिली। वहीं दोनो स्कूलों के प्राचार्य भी कक्षा में पहुंचकर पीरियड नहीं लेते है। इनस्थितियो पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जेडी ने दोनो स्कूलों के प्राचार्यो सहित सभी शिक्षकों को वेतन काटने संबंधी कार्रवाई का नोटिस जारी कर दिया है।
समीक्षा बैठक में तीन स्कूल प्राचार्यो को थमाए नोटिस
निरीक्षण के बाद जेडी अरविंद सिंह ने उत्कृष्ट स्कूल में मिशन १००० से जुड़े १२ स्कूलों सहित खराब रिजल्ट वाले ७ स्कूल प्राचार्यो की बैठक ली। समीक्षा के दौरान जेडी ने मिशन १००० के तहत दिए निर्देशों के पालन में लापरवाही दिखाने पर शासकीय कन्या उमावि श्योपुर, उत्कृष्ट स्कूल विजयपुर और सहसराम को नोटिस थमा दिया। बैठक में जेडी ने साफ शब्दो में निर्देश दिए कि अब रिजल्ट में सुधार करो।अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहो।इस मामले में अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी वकील सिंह रावत, खंड शिक्षा अधिकारी केसी गोयल, उत्कृष्ट स्कूल प्राचार्य जीएस आशावत भी उपस्थित थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.