भाकियू के प्रांताध्यक्ष यादव ने कहा कि अब किसान जागरुक है और दबने वाला नहीं है। इसलिए मध्यप्रदेश में किसान महापंचायतों की शुरुआत श्योपुर से हो रही है और आगामी दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में महापंचायतें होंगी। यादव ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के साथ 11 दौर की बात हुई और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने चर्चा की, लेकिन वहां उन्होंने किसानों की बात नहीं मानी। अब हम उन्हीं के क्षेत्र श्योपुर में महापंचायत कर हजारों किसानों के माध्यम से आवाज उठाएंगे और देश को संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि महापंचायत के मंच पर संयुक्त मोर्चा के किसान नेताओं के अलावा कोई भी राजनैतिक दल का नेता या प्रतिनिधि नहीं बैठेगा। हां कोई नेता आयोजन में शामिल हो तो किसान के रूप में उसका स्वागत है, लेकिन महापंचायत का कोई राजनीतिकरण नहीं होगा। यादव ने दावा किया कि इस महापंचायत में 25 हजार से अधिक किसान भाग लेंगे। यादव के साथ भाकियू भोपाल के जिलाध्यक्ष सुरेश पाटीदार, राजगढ़ के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह तोमर, उज्जैन के जिलाध्यक्ष राजेश चौधरी सहित अन्य किसान नेता भी आए। जिन्होंने श्योपुर संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के साथ आर्य समाज भवन में बैठक की और मंडी में पहुंचकर सभास्थल का भी जायजा लिया।