श्योपुर

समय रहते नहीं किया आहरण तो लैप्स हो गई 55300 की राशि

-समग्र शिक्षा पोर्टल पर विद्यार्थियों के आवेदन अपलोड करने संंबंधी कार्य के लिए आई थी राशि -डीईओ बोले बीईओ को दिए थे राशि निकालकर संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचाने के निर्देश -श्योपुर बीईओ ने कहा कि हमको नहीं अधिकार,डीईओ को ही पहुंचानी थी संकुल प्राचार्यो के खातो में राशि

श्योपुरJan 19, 2020 / 02:48 pm

Laxmi Narayan

समय रहते नहीं किया आहरण तो लैप्स हो गई 55300 की राशि

श्योपुर,
समग्र छात्रवृति योजना के कार्य को किए जाने के लिए शासन की ओर से जिले को दी गई 55 हजार 300 रुपए की राशि एक दूसरे पर जिम्मेदारी थोपने के फेर में लैप्स हो गई। वैसे यह राशि खाते से आहरण कर जिले के संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचानी थी। ताकि संकुल प्राचार्य इस राशि के जरिए छात्रवृति संबंधी कार्य को गति प्रदान कर सके। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस राशि को आहरण कर संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचाए जाने के निर्देश दिए थे। जबकि श्योपुर बीईओ केसी गोयल ने इस राशि का आहरण करने के लिए जिला कोषालय में पत्र जारी किया तो यह बात सामने आई कि बीईओ को यह राशि आहरण करने के अधिकार ही नहीं है।
शिक्षा विभाग के सूत्रों की माने तो समग्र छात्रवृति योजना के अंतर्गत समग्र शिक्षा पोर्टल विद्यार्थियों के आवेदन अपलोड करने सहित अन्य कार्यो के लिए सभी जिलो के साथ श्योपुर जिले को शासन की ओर से बजट दिया गया। 55 हजार 300 रुपए की राशि का जो बजट श्योपुर जिले को दिया गया,उस बजट की राशि जिले के सभी संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचाई जानी थी। विभागीय अफसर इस राशि को तय सीमा में आहरण कर संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचा नहीं पाए। तय सीमा में राशि आहरण न होने के चलते 55 हजार 300 रुपए की राशि लैप्स हो गई। अब विभागीय अफसर अपनी लापरवाही छिपाने के लिए एक दूसरे पर जिम्मेदार थौप रहे है।
यह बोले अफसर
समग्र छात्रवृति संबंधी कार्य के लिए आई राशि को आहरण कर संकुल प्राचार्यो के खातो में पहुंचाए जाने के निर्देश बीईओ को दे दिए थे। यदि श्योपुर बीईओ ने राशि आहरण कर संकुल प्राचार्यो के खातो में नहीं पहुंचाई तो इसको दिखावाएंगे।
वकील सिंह रावत
जिला शिक्षा अधिकारी,श्योपुर
डीईओ कार्यालय से राशि आहरण के संबंध में पत्र मिला थ। पत्र के बाद राशि आहरण कर उसे संकुल प्राचार्यो के खातो में भेजने जिला कोषालय पत्र भेजा तो ज्ञात हुआ कि उक्त राशि जिला शिक्षा अधिकारी को ही आहरण कर संकुल प्राचार्यो के खातो में भेजनी थी।
केसी गोयल
खंड शिक्षा अधिकारी,श्योपुर
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.