श्योपुर

पोषण राशि के लिए भटक रही महिलाएं, जनपद पंचायत के काट रहीं चक्कर

– पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के नाम जनपद पंचायत कराहल पहुंची महिलाएं

श्योपुरJan 22, 2020 / 08:27 pm

Anoop Bhargava

पोषण राशि के लिए भटक रही महिलाएं, जनपद पंचायत के काट रहीं चक्कर

कराहल
जनपद पंचायत कराहल के तहत आने वाली 50 पंचायतों में आदिवासी महिलाएं पोषण राशि के लिए जनपद पंचायत से लेकर पंचायत सचिवों के चक्कर काट रही हैं। बावजूद इसके पोषण राशि के रूप में मिलने वाले एक हजार रुपए उन्हें नहीं मिल पा रहे हंै। सोमवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी सेसईपुरा की महिलाओं को लेकर जनपद पंचायत कराहल पहुंची। बावजूद इसके महिलाओं की समस्या का समाधान नहीं हो सका।
गुड्डी बाई ने बताया कि मेरे मोहल्ले की 12 से 15 महिलाओं को कई महीनों से पोषण की राशि उनके खातों में जमा नहीं की गई है। महिलाओं को लेकर कई बार जनपद पंचायत आ चुकी हूं, लेकिन मुझे सिर्फ जनपद के कर्मचारी एक ही आश्वासन देते हैं हम इनके कागजात ऑनलाइन कर देते हैं। अबकी बार इनके खातों में राशि जमा हो जाएगी इतना आश्वासन मिलने के बाद भी आज तक महिलाओं के खातों में पोषण की राशि जमा नहीं हो सकी है।
फूलवती, दासी, रंगबेल, सोमवती, राजकुमारी, ममता, मोरा, बिजना सहित कई महिलाएं हैं जिनके खातों में कई माह से राशि जमा नहीं हुई है। ग्राम पंचायत बुडेरा की आदिवासी महिला सधोदेवी ने बताया कि मैंने अपनी पंचायत की 12 महिलाओं की सूची जिनको पोषण की राशि नहीं मिली थी जनपद पंचायत कराहल में जमा कर दी थी लेकिन अब तक खाते में राशि नहीं आई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.