scriptदीपावली पर सतरंगी हुआ आसमान, बिखरी खुशियां | The sky is dark on Diwali, happiness is scattered | Patrika News

दीपावली पर सतरंगी हुआ आसमान, बिखरी खुशियां

locationशिवपुरीPublished: Oct 28, 2019 11:33:36 pm

लोगों ने एक-दूसरे को बधाई के साथ मिठाई

दीपावली पर सतरंगी हुआ आसमान, बिखरी खुशियां

रंग बिरंगी आतिशबाजी चलाकर दीपावली मनाती महिलाएं व युवतियां।

शिवपुरी. जिलेभर में रविवार की रात दीपावली का त्योहार सद्भाव के साथ प्रेमपूर्वक मनाया गया। दिनभर लोगों ने अपने घर-द्वारों को सजाया, तोरन बांधे और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के बाहर रंगोलियां सजाईं। सांझ ढलते ही प्रतिष्ठानों व घरों पर धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने के बाद शुरू हुआ आतिशबाजी का दौर। रात करीब आठ बजे से शुरू हुई आतिशबाजी और धमाकों की गूंज से पूरा अंचल गूंज उठा, आसमान सतरंगी हो गया। चारों ओर सिर्फ खुशियां ही खुशियां बिखरी नजर आईं। पूजा के बाद लोग एक-दूसरे के घरों पर गए और दीपावली की शुभकामनाओं के साथ-साथ मिठाई व प्रसाद का वितरण किया।
शहर के साथ विदेश में भी दीपावली की धूम
शहर के साथ-साथ यहां के लोगों ने विदेश में भी दीपावली धूमधाम से मनाई। पूर्व में शहर के खुड़ा क्षेत्र में रहने वाले आदित्य दुबे जो कनाडा के टोरंटो में बैंक मैनेजर है। उन्होंने अपनी पत्नी उत्सवी व दोस्तों के साथ दीपावली मनाई और जमकर आतिशबाजी चलाई। आदित्य ने बताया कि कनाडा के टोरंटो में भारी संख्या में भारतीय लोग रहते हैं और वहां के एक मंदिर पर सभी ने एकत्रित होकर दीपावली का पर्व मनाया।
ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली के बाद गोवर्धन का मनाया जश्न
शहर के साथ-साथ अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपावली धूमधाम से मनाई गई। कोलारस, बदरवास, करैरा, दिनारा, पिछोर, खनियाधाना, पोहरी, बैराड़, नरवर सहित आसपास के गांवों में रात को दीपावली का जश्न तो मनाया ही गया। पिछोर में नगर पंचायत अध्यक्ष संजय पारासर ने टेकरी सरकार मंदिर के पास स्थित मोती सागर तालाब पर दीपावली के शाम कस्बे के लोगों के साथ दीप जलाकर भगवान राम के दरबार की पूजा की। सोमवार को गोवर्धन पूजा का जश्न भी मनाया गया। जिन लोगों के यहां गाय, भैंस आदि पालतू पशु हैं, उन सबको सुबह से ही नहला धुलाकर सजाया गया और उनकी पूजा की गई। इसके प्रत्येक परिवार में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर गोधन पूजन भी किया गया। दिन भर लोग एक दूसरे से मिले और बधाईयों को सिलसिला जारी रहा।
अन्नकूट का सिलसिला हुआ शुरू
गोवर्धन पूजा के साथ जिलेभर में अन्नकूट का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में शहर में मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, नरसिंग मंदिर सदर बाजार, कन्हैया जी का मंदिर ओसवाल गली, राज राजेश्वरी मंदिर सहित कई अन्य स्थानों पर अन्नकूट का आयोजन किया गया। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भजन गायिका ज्योति पाल ने गोवर्धन पूजा व अन्नकूट आयोजन के दौरान भजनों की प्रस्तुति भी दी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो