script

खाद के लिए चौका-चूल्हा छोड़ लाइन में लगी महिलाएं

locationशिवपुरीPublished: Dec 09, 2019 11:16:41 pm

करैरा में किसान को यूरिया के लिए करनी पड़ रही मशक्कत

खाद के लिए चौका-चूल्हा छोड़ लाइन में लगी महिलाएं

यूरिया खाद लेने के लिए परेशान होते किसान व उनके परिजन।

करैरा. कस्बे में यूरिया खाद के लिए किसान को मशक्कत करनी पड़ रही है। हालात यह हैं कि महिलाएं चौका-चूल्हा छोड़ कर खाद लेने के लिए लाइन में लगी हुई हैं।
उलेखनीय है कि पिछले साल यूरिया को लेकर संस्था प्रभारी द्वारा जब किसानों से यूरिया के निर्धारित दाम से अधिक वसूले गए तो किसानों ने हंगामा कर खाद वितरण को रुकवा दिया था। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए एसडीएम ने पुलिस द्वारा यूरिया खाद का वितरण कराया था, ऐसी स्थिति एक बार फिर निर्मित हो रही है। संस्था प्रभारी ने इस बार भी गोदाम पर कोई इंतजाम नहीं किए हैं। ग्राम बांसगढ़ के किसान हरिकिशन रावत, मनोज कुशवाह, देवेंद्र सिंह गुर्जर, लाल सिंह, जगदीश शर्मा ने बताया है कि इस बार यूरिया भरपूर मात्रा में आया है। इसके बाद भी सहकारी विपरण संस्था के गोदाम प्रभारी द्वारा किसी को दो-दो बोरी दी जा रही है तो किसी को पांच-पांच बोरी दी जा रही हैं। खाद वितरण में लगे कर्मचारियों द्वारा किसानों से किए जा रहे इस व्यवहार के कारण गोदाम पर झगड़े की स्थिति निर्मित हो रही है। कर्मचारियों के दुव्र्यवहार के कारण महिलाएं सुबह से ही घर का कामकाज छोड़ कर यूरिया खाद लेने के लिए लाइन में लग रही हैं।
करैरा में यह काम ऑपरेटर देखता है। मैं आज वहां पर नहीं गया। मेरे पास करैरा का अतिरिक्त प्रभार है। करैरा में खाद वितरण में क्या दिक्कत हुई है, यह मैं देखकर ही बता पाऊंगा।
एके रावत, गोदाम प्रभारी करैरा

ट्रेंडिंग वीडियो