scriptसीधी के एक लाख से ज्यादा किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ | Benefit of Chief Minister Kisan Kalyan Yojana to more than one lakh farmers of Sidhi | Patrika News

सीधी के एक लाख से ज्यादा किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ

locationसीधीPublished: Oct 23, 2021 07:24:53 pm

Submitted by:

Ajay Chaturvedi

-सीएम ने भोपाल से सूबे के 77 लाख किसानों के खाते में हस्तांतरित किए 1540 करोड़

सीएम शिवराज सिंह चौहान

सीएम शिवराज सिंह चौहान

सीधी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिंटो हाल भोपाल से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत प्रदेश के 77 लाख किसानों के खाते में सिंगल क्लिक से 1540 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की। इस योजना के तहत सीधी जिले के एक लाख छह हजार 363 किसानों के खाते में 2 हजार रूपए के हिसाब से 21 करोड़ 27 लाख 26 हजार रूपए अंतरित की गई। जिले के अटल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद रीती पाठक व विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल ने पात्र कृषक लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया।
इस मौके पर सांसद पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीबों, किसानों तथा आमलोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दोनों सरकारें कई जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित कर रही हैं जो देश व प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सांसद पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना दो ऐसी योजनाएं हैं जो किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को हर साल 10 हजार रूपये की राशि उपलब्ध कराई जाती है। किसान इस राशि का उपयोग अपनी सुविधानुसार खेती में कर रहे हैं। पहले किसानों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब वे सक्षम है ओर देश के विकास में अपना योगदान कर रहे है।
विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि 15 वर्षों पहले तक किसान खाद बीज जैसी अपनी आवश्यकताओं के लिए परेशान रहता था। किसान खेती छोड़ने लगे थे। विधायक ने कहा कि प्रदेश में किसान हितैषी सरकार के आने से परिस्थितियां बदल गई है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में खेती का उत्पादन लगातार बढ़ा है। यह संभव हुआ है अन्नदाता की मेहनत और सरकार के प्रयासों से। विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को उन्नत बीज एवं खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं में लगातार बढोत्तरी की जा रही है। किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था पर अब उन्हें शासन प्रतिवर्ष 10 हजार रूपये की राशि प्रदान कर रही है। इससे किसान सशक्त हो सके। विधायक ने कहा कि किसानों की मेहनत का परिणाम है कि आज हमारे अन्न के भंडार भरे हैं। जिससे गरीब एवं वंचित वर्गों को कम दाम पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन की जनहितैषी योजनाओं से किसानों, मजदूरों के साथ समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।
इस मौके पर कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा है कि यह योजना छोटे सीमांत किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। इसने किसानों को सक्षम बनाया है। किसानों को समय-समय पर राशि प्राप्त होने से वह अपनी खेती किसानी की आवश्यकताओं को पूरा कर पा रहें है। कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई किसान इस योजना के लाभ से वंचित है तो वह संबंधित राजस्व अधिकारी से संपर्क करें। राजस्व विभाग द्वारा सभी पात्र कृषकों को लाभ दिलाया जाएगा। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से सीधी जिले के एक लाख 6 हजार 363 किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। तहसील मझौली के 19 हजार 740, सिहावल के 14 हजार 427, बहरी के 12 हजार 246, गोपद बनास के 19 हजार 608, रामपुर नैकिन के 21 हजार 270, कुसमी के 8 हजार 314 और चुरहट के 10 हजार 758 किसान परिवारों को लाभ मिल रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो