script

नगर पालिका ने नवीन बस स्टैंड को बनाया कचरे का डंपिंग प्वाइंट, मुसाफिरों की बढ़ी मुश्किलें

locationसीधीPublished: Sep 23, 2018 01:25:34 pm

Submitted by:

suresh mishra

मिनी स्मार्ट सिटी में मनमानी की सड़ांध

dumping point of the garbage made to the new bus stand

dumping point of the garbage made to the new bus stand

सीधी। मिनी स्मार्ट स्मार्ट सिटी का सपना देख रहे लोगों की मंशा पर नगर पालिका प्रशासन ही पानी फेरने पर तुला है। शहर में मिनी स्मार्ट सिटी को लेकर काम भी शुरू कर दिया है, लेकिन कर्मचारी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। नपा के सफाई कर्मचारी शहर से एकत्रित होने वाले कचरे को दक्षिण करौंदिया स्थित राज्य परिवहन डिपो के अस्थायी नवीन बस स्टैंड परिसर में फिंकवा रहे हैं। वर्तमान में यहां सैकड़ों ट्रॉली कचरा डंप है। जिससे उठने वाली दुर्गंध से स्थानीय दुकानदार व मुसाफिर परेशान हैं।
ये है मामला
शहर से एकत्रित कचरा फेंकने के लिए प्रशासन ने जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी. दूर बरमानी गांव में पांच एकड़ भूमि चिह्नित कर रखी है। लेकिन दूरी अधिक होने के कारण कर्मचारी कचरे को नवीन बस स्टैंड परिसर में ही फेंक दे रहे हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि छोटे वाहन शहर से कचरा एकत्र कर बस स्टैंड परिसर में डंप करते हैं, फिर बड़े वाहनों के जरिए इसे बरमानी गांव भिजवाया जाता है। जबकि, स्थानीय लोगों की मानें तो कचरा यहां रोज डंप तो किया जाता है, लेकिन नियमित रूप से उठाव नहीं किया जा रहा है।
संक्रामक बीमारियों का खतरा
नवीन बस स्टैंड परिसर में कचरा डंप कर देने से आसपास के लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा है। बताया गया स्थानीय दुकानदार यहां दिनभर गंदगी के बीच अपना कारोबार करते हैं। वहीं यात्रियों को भी घंटों बस स्टैंड में बैठकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। कचरे के उठने वाली दुर्गंध के चलते सांस लेना दूभर हो गया है।
महज कागजों पर दौड़ाए जा रहे वाहन
यूं तो शहर के एकत्रित होने वाले कचरे को 30 किमी. दूर बरमानी गांव में पहुंचाने के लिए नगर पालिका के रेकार्ड में प्रतिदिन वाहन दौड़ाए जा रहे हैं, लेकिन विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे का डंपिंग प्वाइंट नवीन बस स्टैंड से प्रतिदिन उठाव नहीं किया जा रहा है। इस तरह डीजल को लेकर भी गोलमाल का अंदेशा है।
शहर में कचरा एकत्रित करने वाले वाहन इतनी दूर नहीं जा सकते। इसलिए डंपिंग प्वाइंट बनाया है। पहले मड़रिया बायपास में था, लेकिन लोगों के विरोध पर एक माह से यहां कचरा फेंका जा रहा है। दूसरे स्थान की तलाश जारी है।
मंगलेश्वर सिंह, सफाई प्रभारी, नगर पालिका सीधी

ट्रेंडिंग वीडियो