सीधी

भाजपा में टिकट वितरण के बाद घमासान, जिलाध्यक्ष सहित 27 पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

सीधी संसदीय क्षेत्र से रीति पाठक को टिकट मिलने पर ऊर्जाधानी सहित सीधी में बगावत
 

सीधीMar 25, 2019 / 01:01 am

Balmukund Dwivedi

Rewa, Rewa, Madhya Pradesh, India

सीधी/सिंगरौली. लोकसभा चुनाव में सीधी संसदीय क्षेत्र की सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से रीती पाठक का नाम घोषित किए जाने के बाद से ऊर्जाधानी के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में घमासान मच गया है। शनिवार की शाम रीति पाठक को टिकट दिए जाने की सूचना मिलने के साथ शुरू हुए घमासान के बाद रविवार दोपहर जिलाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद इस्तीफा देने वालों की झड़ी लग गई। शाम तक जिलास्तर के २७ पदाधिकारियों ने पार्टी के अलग-अलग पदों से इस्तीफा दे दिया। रीती के विरोध में सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला भी आ गए हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से प्रत्याशी बदलने की मांग की है। इस्तीफा देने वाले स्थानीय भाजपा नेताओं में इस बात का आक्रोश है कि टिकट बंटवारे में सिंगरौली के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया। जिलाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने कहा कि सीधी संसदीय क्षेत्र के लिए न जिलाध्यक्ष और न कार्यकर्ताओं की राय पर अमल किया गया। ऐसे में वह पद पर बने रहने में असहज महसूस कर रहे हैं। भाजपा में इस्तीफा देने वालों का सिलसिला अभी जारी रहने की बात की जा रही है। सोमवार को कई और पदाधिकारियों के इस्तीफा सौंपने की संभावना है।
इनका हुआ इस्तीफा
जिला महामंत्री भाजपा व सह संयोजक लोकसभा सीधी संतोष वर्मा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अरुण देव पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष प्यारे लाल चौबे, जिला कोषाध्यक्ष कमल किशोर गुप्ता, जिला संयोजक खेल प्रकोष्ठ पुरुषोत्तम सिंह, महामंत्री मंडल सिंगरौली विनोद सिंह कुर्वंशी, जिला महामंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा जसविंदर सिंह, पूर्व अध्यक्ष अंत्योदय समिति व कार्य समिति सदस्य धनेश कुमार गुप्ता, जिला कार्य समिति सदस्य हर्ष सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सिंगरौली आशीष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा बरगवां मंडल प्रदीप गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष सिंगरौली मंडल पवन प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अरसद अनवर, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा बरगवां मकरध्वज सिंह, वार्ड संयोजक सिंगरौली मंडल धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश कार्य समिति जिला कार्य समिति सदस्य दिग्विजय सिंह, जिला कार्य समिति सदस्य विमल कुमार गुप्ता, जिला मंत्री कुंता सिंह, जिला मंत्री मालती उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र वैश्य, मंडल अध्यक्ष सिंगरौली महिला मोर्चा रीना शर्मा, मंडल अध्यक्ष गोरबी योगेंद्र द्विवेदी, सह संयोजक जुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ गौरव द्विवेदी, मंडल मंत्री सिंगरौली मंडल राकेश कुमार गोयल, अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा बैढऩ नजमुल हस हुसैन राज, जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा बैढऩ अखिलेश्वर जायसवाल।
सीधी में उठे विरोध के स्वर
भाजपा द्वारा सांसद रीति पाठक को पुन: प्रत्याशी घोषित किए जाने पर विरोध के स्वर सिंगरौली-सीधी में उठने लगे हैं। सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ल प्रत्याशी बदलने की मांग संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व से कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि रीती को प्रत्याशी बनाए जाने से सीधी, सिंगरौली व ब्योहारी में जनप्रतिनिधि व संगठन के लोग नाराज हैं। इसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्याशी बदला जाना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा के पुत्र डॉ. अनूप मिश्रा के द्वारा टिकट घोषणा के बाद फेसबुक पर बघेली भाषा में पोस्ट करते हुए आपत्ति जताई है। सीधी जिला अध्यक्ष भी टिकट की दौड़ में शामिल थे गत चुनाव वर्ष 2014 मे भी रीति पाठक को टिकट मिलने के बाद पूर्व सांसद गोविंद मिश्रा व पूर्व विधायक केके सिंह भंवर के द्वारा आपत्ति जताते हुए प्रत्याशी रीति पाठक का विरोध किया था।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.