संजय टाइगर रिजर्व में तीन वर्ष से रुकी बाघों की वंशवृद्धि, जानिए क्या कह रहा प्रबंधन?
दो वयस्क नर और चार मादा वयस्क बाघ होने के बाद भी शावक नहीं ले रहे जन्म, विशेषज्ञों ने जताई चिंता

सीधी. बाघों के संरक्षण व संवर्धन के लिए शासन स्तर से हर वर्ष संजय टाइगर रिजर्व को करोड़ों रुपए का बजट उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यहां स्थितियां प्रतिकूल हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो टाइगर रिजर्व में बीते तीन वर्ष से एक भी शावक का जन्म नहीं हुआ। जबकि, ्रदावा किया जा रहा है कि संजय टाइगर रिजर्व में चार मादा व दो नर वयस्क यानी कुल छह बाघ हैं। इसके बावजूद वंशवृद्धि न होना विभागीय दावों पर सवाल पैदा करते हैं।
इसके बाद नहीं जन्में एक भी शावक
पन्ना से सीधी लाई गई मादा बाघ टी-२२ आतंक का पर्याय बन चुकी थी। रात में वह जंगल से गांव पहुंच जाती थी और पालतू जानवरों का शिकार कर जंगल घसीट ले जाती थी। इसके आतंक को देखते हुए उसे बेहोशी देकर संजय टाइगर रिजर्व में शिफ्ट किया गया था। बर्ताव में सुधार होने पर उसे खुले जंगल में छोड़ा गया था। यहां उसने तीन शावकों को जन्म दिया था। इसके बाद संजय टाइगर में एक भी शावक का जन्म नहीं हुआ।
तीनों शावकों व बाघ की हो चुकी है मौत
संजय टाइगर रिजर्व में तीन शावकों को जन्म देने वाली बाघिन टी-२२ की वर्चस्व की लड़ाई में घायल हो गई थी। लेकिन समय पर उपचार न मिल पाने के कारण उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद एक शावक की मौत भी हो गई थी। दो शावकों को संजय टाइगर रिजर्व से हटाकर शहडोल ले जाया गया, लेकिन उन्हें भी नहीं बचाया जा सका। एक दिन के अंतराल में तीनों शावकों की मौत हो गई।
विभाग का दावा हर साल पैदा होते शावक
संजय टाइगर रिजर्व मे भले ही फील्ड में बाघ नहीं दिखाए दे रहे हैं, लेकिन विभाग के अधिकारी प्रतिवर्ष आधा दर्जन से ज्यादा शावकों के जन्म होने के दावे कर रहा है। विभाग का कहना है कि इस वर्ष भी दो मादा बाघ ने आठ शावकों को जन्म दी हैं, किंतु उसकी फुटेज विभाग आज तक प्रस्तुत नहीं कर पाया है, जबकि रिजर्व क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में कैमरे लगाए गए हैं।
विभागीय रिकॉर्ड पर दर्ज बाघों की संख्या
२ वयस्क नर बाघ
४ मादा वयस्क बाघ
७ अवयस्क बाघ
८ शावक
हर साल हो रहा प्रजनन
संजय टाइगर रिजर्व में बाघों का हर साल प्रजनन हो रहा है, इस वर्ष भी दो मादा बाघ ने चार-चार की संख्या मे आठ शावकों को जन्म दी हैं।
बिसेंट रहीम, क्षेत्र संचालक, संजय टाइगर रिजर्व सीधी
अब पाइए अपने शहर ( Sidhi News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज