दोपहर में रूक नसर आश्रम में दर्शन कर महावीर वापस गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 रामगढ़ बाइपास चौराहा के पास फतेहपुर से चूरू की तरफ जा रहे एक ट्रोला ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार महावीर व उसकी साली सुमन दोनों घायल हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक ट्रॉला छोडक़र फरार हो गया। महावीर को आसपास के नागरिक तुरंत निजी वाहन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गए। सुमन की गम्भीर अवस्था को देखकर 108 एंबुलेंस कर्मी तुरंत राजकीय डेडराज भरतीया अस्पताल लेकर गए। सीएचसी में चिकित्सक ने महावीर को प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रैफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सुमन को चूरू भरतीया अस्पताल से गम्भीर अवस्था के कारण जयपुर रैफर कर दिया।
महिला का पैर कुचला
हादसा में सुमन का पैर ट्रोला के टायर के नीचे आ जाने से बुरी तरह से कुचल गया। वहीं महावीर के भी पैर में फै क्चर के साथ चोटे आई हैं। महावीर का ससुराल बीबीपुर छोटा में है।
उसकी साली अभी अपने ससुराल बागसरा से पीहर आई हुई थी। पीहर में होने के कारण ही महावीर अपनी साली सुमन को रूकनसर आश्रम में दर्शन करवाकर वापस अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।
घायल महावीर जाट बीएसफ में सर्विस करता है। महावीर के रिश्तेदार ने बताया कि महावीर रविवार को वापस ड्यूटी पर कश्मीर के लिए जाने वाला था। वापस ड्यूटी पर जाने से पहले वह अपनी साली को लेकर रूकनसर आश्रम दर्शन के लिए गया था। किसे मालुम था कि महावीर व उसकी साली सुमन (25) पत्नी महेन्द्र घर वापस आने के स्थान पर सीकर व जयपुर अस्पताल में पहुंच जाएगी।
बाइक से गिरकर दो जने हुए घायल
पलसाना. कस्बे के पास शनिवार सुबह बाइक से गिरकर दो जने घायल हो गए। बाद में दोनों को पलसाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार माजीपुरा निवासी मोहनलाल वर्मा व सीताराम जाट बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान घुमाव में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे दोनों घायल हो गए। बाद में दोनों को पलसाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया।