scriptसावधान! पुण्य के इस पर्व पर चाइनीज मांझा कहीं आपको बना ना दे पाप का भागीदार | careful Chinese Manjha may not make you a partner of sin on this festi | Patrika News

सावधान! पुण्य के इस पर्व पर चाइनीज मांझा कहीं आपको बना ना दे पाप का भागीदार

locationसीकरPublished: Jan 14, 2020 06:28:38 pm

Submitted by:

Gaurav

मकर सक्रांति ‘अहिंसक’ तरीके से मनाएं। यह धर्म का पर्व है। जिसमें पुण्य का महत्व है।

सीकर. मकर संक्रांति का पर्व मंगलवार को पतंग व उमंग के साथ मनाया जा रहा है जो बुधवार तक जारी रहेगा। लोग छतों पर व निगाहें आसमां पर होंगी। दिनभर वो काटा- वो मारा की गूंज होगी। पतंग की मस्ती के साथ म्यूजिक के तडक़े के लिए लोगों ने रात को ही लाउड स्पीकर भी लगा लिए। पत्रिका की अपील है कि मकर सक्रांति ‘अहिंसक’ तरीके से मनाएं। यह धर्म का पर्व है। जिसमें पुण्य का महत्व है।

इस ‘पुण्य काल’ में चाइनीज मांझा आपको ‘पापी’ बना सकता है। गैर कानूनी उपयोग आपको कानूनन अपराधी बनाएगा सो अलग। लिहाजा चाइनीज मांझे का उपयोग ना करें और परिंदों की सुरक्षा के लिए अल सुबह व देर शाम को पतंगबाजी ना कर आस्था के पर्व पर धर्म कायम रखें।
मकर सक्रांति का दान-पुण्य बुधवार को होगा। पंडित दिनेश मिश्र ने बताया कि इस बार सूर्य का धनु से मकर राशि में प्रवेश 14 जनवरी की रात 1 बजकर 38 मिनट पर होगा। लिहाजा इससे पहले दान पुण्य का महत्व कम होगा। बुधवार को सूर्योदय के साथ मकर संक्रांति जन्य पुण्य काल शुरू हो जाएगा, जो सूर्यास्त तक रहेगा। इस समय स्नान-ध्यान व दान का विशेष महत्व है।

मांझे से घायल पक्षियों के लिए खोले पक्षी चिकित्सा शिविर
सीकर. पतंग के मांझे से घायल पक्षियों के इलाज के लिए शहर में दो स्थानों पर पक्षी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। पशुपालन विभाग और पशु कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से तापडिय़ा बगीची और सांवली रोड स्थित पशुपालन विभाग के पॉली क्लीनिक में शिविर लगेंगे। दो दिवसीय शिविर के लिए पशु चिकित्सकों की टीम गठित कर दी गई है। यह टीम तापडिय़ा बगीची पर सुबह आठ बजे से सूर्यास्त तक सेवाएं देंगी। सूर्यास्त के बाद रात नौ बजे तक पॉली क्लीनिक पर घायल पक्षियों को उपचार मिल सकेगा। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. महेश मीना, डा. रामवतार गोडीवाल ने बताया कि शिविर में पशु चिकित्सालय,पशु कल्याण समिति, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, हरीतिमा, पीपुल फॉर एनीमल सीकर, स्काउट सीकर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। शिविर में घायल पक्षियों की सूचना देने के लिए शिविर के आयोजकों ने मोबाइल नम्बर भी जारी कर दिए हैं। इन नम्बरों पर सूचना देने पर घायल पक्षियों को शिविर स्थल तक लाकर उपचार किया जाएगा। मोबाइल नम्बर 01572-270739, 01572256723, 9414665449, 992827725, 9414664081, 9875193238 हैं।

विद्युत निगम की टीम रखेगी नजर
विद्युत निगम की टीम मंगलवार व बुधवार को जिलेभर में लाइनों की पेट्रोलिंग करेगी। निगम के अधीक्षण अभियंता नरेन्द्र गढ़वाल ने बताया कि यदि कही फाल्ट आता है तो टीम तत्काल सप्लाई शुरू भी करेगी। चाइनीज मांझे की वजह के बिजली लाइन पर गिरने से फाल्ट आ जाता है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो