scriptबिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें | Chessboard, pieces in the ground, tricks being decided | Patrika News
सीकर

बिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें

चौसर बिछ चुकी है! मोहरे मैदान में हैं! चाल तय की जा रही हैं! और दांव पर लगी है कुछ दिग्गजों की प्रतिष्ठा! शतरंज के इस सियासी खेल में हर एक ने अपना मोर्चा संभाल लिया है।

सीकरNov 02, 2019 / 06:36 pm

Gaurav

बिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें

बिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें

बिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें
सीकर. चौसर बिछ चुकी है! मोहरे मैदान में हैं! चाल तय की जा रही हैं! और दांव पर लगी है कुछ दिग्गजों की प्रतिष्ठा! शतरंज के इस सियासी खेल में हर एक ने अपना मोर्चा संभाल लिया है। एक तरफ कांग्रेस विधानसभा और विधानसभा उपचुनाव में जीत के कारण उत्साह में है, तो भाजपा भी निराशा से उठकर नए सिरे से इन चुनावों में जीत के लिए प्रयासरत है। सीकर में होने वाले निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के आधा दर्जन दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। कांग्रेस में जहां राजेंद्र पारीक ने पूरा नियंत्रण खुद के हाथों में ले रखा है, वहीं परसराम मोरदिया, सुभाष महरिया भी शह और मात के इस खेल में अपने मोहरें तय कर रहे हैं। इधर, दांतारामगढ़ विधायक वीरेंद्र सिंह, सोमनाथ त्रिहन और नारायणसिंह अपने स्तर पर एकजुट होकर सक्रिय बने हैं। इधर, भाजपा में रतन जलधारी के हाथों में सारे पासे हैं। साथ ही सांसद सुमेधानंद सरस्वती तथा प्रेमसिंह बाजौर भी नजर रख रहे हैं।
भाजपा ने पैनल प्रदेश को भेजा
निकाय चुनाव के दावेदारों के पैनल बनाकर भाजपा ने प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी ने बताया कि सीकर नगर परिषद के लिए किसी भी वार्ड के लिए सिंगल आवेदन नहीं है। अधिकतर वार्डों के लिए तीन-तीन दावेदार है। लगभग दस वार्डों में दो-दो दावेदार है। पार्टी कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर शनिवार तक पहली सूची जारी की जा सकती है।
निकाय चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया इस पर अलग-अलग अधिकारियों के पास की गई है। नगर परिषद सीकर के लिए उपखण्ड अधिकारी गरीमा लाटा के पास शहर के वार्ड एक से 20 तक, उप पंजीयक मुनेश कुमारी पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग सीकर के पास वार्ड संख्या 21 से 35 तक, सहायक कलेक्टर (मु.) सरिता के पास वार्ड संख्या 36 से 50 तक और उपखण्ड अधिकारी धोद राजपाल के पास वार्ड संख्या 51 से 65 तक नामांकन भरकर पेश किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने मतदान दलों की नियुक्ति की प्रकिया को तेज कर दिया है।
नीमकाथाना: कभी विरोधी रहे अब एक मंच पर
नीमकाथाना. निकाय चुनाव में सत्ता पर काबिज होने के लिए कभी विरोधी रहे पूर्व विधायक प्रेमसिंह बाजोर और रमेश खंडेलवाल एक मंच पर आ गए हैं। दीपावली स्नेह मिलन में शुक्रवार को दोनों नेताओं ने निकाय चुनाव में भाजपा और विकास मंच के गठबंधन की घोषणा की। दोनों ही नेताओं ने नगर पालिका के 35 वार्डों में चुनाव लडऩे के लिए टिकटों का बंटवारा किया। सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के पूर्व अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर ने मंच से बताया कि नगर पालिका के 35 वार्डों में से 26 पर भाजपा व 9 पर विकास मंच के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। बाजौर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका के पांच वर्ष के विकास कार्य जनता सामने है। यह शहर के लोगों का चुनाव है। शहर के विकास के लिए आप लोगों को सरकार चुननी है। वहीं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल दीपावली स्नेह मिलन के बहाने विरोधियों पर जमकर बरसे। खंडेलवाल ने कहा कि नगर पालिका ने सौ वर्ष पुराने लोगों के घर उजाड़ दिये। कपिल चिकित्सालय से लेकर खेतड़ी मोड़ व भूदोली रोड को चौड़ा करते समय मकान तोड़े जा रहे थे। उस दौरान कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला था। इस दौरान नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष महेंद्र गोयल, पार्षद जेपी लोढ़ा, सांवलराम यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।

Home / Sikar / बिसात बिछी, मोहरे मैदान में, तय की जा रही चालें

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो