scriptनिकाय चुनाव में फल रही वंशवाद की बेल | Dynasty bells thrive in palika elections | Patrika News

निकाय चुनाव में फल रही वंशवाद की बेल

locationसीकरPublished: Jan 21, 2021 07:54:30 pm

Submitted by:

Sachin

नगरपालिका चुनावों को लेकर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनावी दंगल की असली तस्वीर सामने आने लगी है।

निकाय चुनाव में फल रही वंशवाद की बेल

निकाय चुनाव में फल रही वंशवाद की बेल

सीकर/ लक्ष्मणगढ़. नगरपालिका चुनावों को लेकर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनावी दंगल की असली तस्वीर सामने आने लगी है। चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। जिसमें पूर्व पालिकाध्यक्ष, पूर्व पालिकाध्यक्ष के पति, ससुर, पूर्व पार्षद, पूर्व पार्षदों के रिश्तेदार तथा पार्टी पदाधिकारी शामिल है। वहीं कस्बे के ज्यादातर वार्डों में परिवारवाद भी देखने को मिल रहा है। भाजपा से पूर्व में नगरपालिका अध्यक्ष रहे महावीर प्रसाद सैनी इस बार वार्ड 35 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है, जिनके सामने निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष संपत चेजारा भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में है। इसी क्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष संतोष जोशी के पति सुभाष जोशी वार्ड 12 से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है जबकि निवर्तमान पालिकाध्यक्ष चान्दनी शर्मा के ससुर तथा पूर्व पार्षद पवन शर्मा वार्ड 25 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मैदान में है जिनके सामने पूर्व पार्षद शशिप्रकाश जोशी के भतीजे अनिल भाजपा से चुनाव लड़ रहे है। पूर्व पालिकाध्यक्ष हरिप्रसाद पुजारी के भतीजे की पत्नी विनीता वार्ड 36 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही है जबकि उनके सामने पूर्व पार्षद हरिप्रसाद सैनी की पत्नी उषा देवी मैदान में है।

पूर्व पार्षद फिर मैदान में

कस्बे के वार्ड 22 से पूर्व पार्षद ललित पुरोहित भाजपा से मैदान में है जिनकी पत्नी भी दो बार पार्षद रह चुकी है। वार्ड 26 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व पार्षद सावित्री देवी मैदान में है, जिनके पति तथा पुत्र भी पार्षद रह चुके है। चुनावी मैदान में डटे पूर्व पार्षदों में अमित जोशी (भाजपा) वार्ड 24 से, परमेश्वरी देवी (कांग्रेस) वार्ड 28 से, प्यारेलाल मेघवाल (कांग्रेस) वार्ड 31 से, सुभाष पारीक (निर्दलीय) वार्ड 34 से, राकेश सैनी (निर्दलीय) वार्ड 28 से, सत्यनारायण सैनी (कांग्रेस) वार्ड 39 से, विनोद सैनी (निर्दलीय) वार्ड 21 से तथा सावित्री खींची (कांग्रेस) वार्ड 26 से प्रमुख है।


प्रदेश पदाधिकारी भी करेंगे जोर-आजमाईश

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बनवारी पाण्डेय वार्ड संख्या 34 से कांग्रेस के प्रत्याशी है। पाण्डेय की पत्नी भी पूर्व में पार्षद रह चुकी है। इसी प्रकार कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव मुस्तफा कुरैशी वार्ड 5 से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे है। भाारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष तथा पूर्व पार्षद मधुसूदन दायमा वार्ड 39 से भाजपा प्रत्याशी है।

बेटा कांग्रेस से तो मां निर्दलीय लड़ रही चुनाव

कांग्रेस की टिकट पर वार्ड 16 से शाकिर सोलंकी चुनाव मैदान में है जो पालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष भी है। शाकिर की मां चान्द बानो वार्ड 18 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव मुस्तफा कुरैशी के सामने मैदान में है। इसी प्रकार पूर्व पालिका उपाध्यक्ष लियाकत अली का भतीजा इमरान वार्ड 14 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहा है जबकि लियाकत की पुत्रवधू नाजिया वार्ड 5 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में है।

ट्रेंडिंग वीडियो