script

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने घोषित की कार्यकारिणी, जिलाध्यक्ष बोले फर्जी

locationसीकरPublished: Sep 28, 2018 11:35:43 am

Submitted by:

vishwanath saini

www.patrika.com/sikar-news/

congress

congress

सीकर. लंबे समय से भले ही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की कार्यकारिणी घोषित नहीं हुई हो लेकिन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने फतेहपुर शहर ब्लॉक, फतेहपुर नगर व रामगढ़ नगर की कार्यकारिणी घोषित कर दी। इसके घोषित होते ही कांग्रेस में विवाद शुरू हो गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष तक ने इन सूचियों को फर्जी करार दिया है। जबकि प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि उन्होंने ही सूची जारी की हैं। अब कार्यकर्ताओं में असमंजस है कि आखिर सही कौन है?


जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज मसीह ने बुधवार को फतेहपुर नगर की कार्यकारिणी घोषित की थी। जिसमें मोहम्मद आमीन लहरा को अध्यक्ष, पवन जांगिड़ सहित आठ उपाध्यक्ष, मोहम्मद फारुख सहित 9 महासचिव, सादिक खोखकर को कोषाध्यक्ष, दो प्रवक्ता, 10 सचिव 6 सह सचिव बनाए गए हैं। इस तरह रामगढ़ नगर की कार्यकारिणी में किशोरी शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है।

 

यहां भी पांच उपाध्यक्ष, पांच महासचिव, एक कोषाध्यक्ष 11 सचिव व 12 सह सचिव बनाए गए हैं। फतेहपुर शहर ब्लॉक की कार्यकारिणी हालांकि कुछ दिन पहले ही जारी कर दी गई थी। जो कार्यकर्ताओं तक अब पहुंची है। जिसमें गिरधारी चाकलाण अध्यक्ष, इरफान अली परिहार सहित 12 उपाध्यक्ष, राजेश पप्पू नेहरा सहित 12 महासचिव, दीपक धानूका कोषाध्यक्ष, दो प्रवक्ता, 11 सचिव व 5 सह सचिव बनाए गए हैं। खास बात यह है कि ये सूचियां जिला कांग्रेस कमेटी से नहीं भेजी गई थी। इनको लेकर अब जिला कमेटी व प्रदेश कमेटी के बीच विवाद शुरू हो गया है। साथ ही इन सूचियों के जातिगत समीकरण को लेकर भी विवाद चल रहा है।


प्रदेशाध्यक्ष को ज्ञापन


सूचियों पर हुए विवाद को लेकर कांग्रेस सेवा दल के पूर्व मुख्य संगठक राजेंद्र झूरिया ने प्रदेशाध्यक्ष को ज्ञापन भेजा है। जिसमें बताया गया है कि एक ही नेता के कहने पर ये सूचियां जारी की हैं जो स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा है।
उन्होंने फतेहपुर से बनाए गए पीसीसी सदस्यों पर भी सवाल खड़ा किया है।

हमें तो किसी ने पूछा ही नहीं: जाट
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीएस जाट का कहना है कि फतेहपुर की जिन कार्यकारिणी के घोषित होने की सूचियां चल रही हैं वे फर्जी हैं। सूचियां किसने जारी की हैं मुझे पता नहीं है। अगर प्रदेश नेतृत्व व कार्यकारिणी घोषित करता तो मुझे से तो चर्चा करता। हमने तो कोई सूची भेजी नहीं थी।

मैंने सूचियां जारी की हैं: मसीह
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुमताज मसीह का कहना है कि मैने फतेहपुर शहर ब्लॉक, फतेहपुर नगर व रामगढ़ नगर की सूचियां जारी की हैं। ये कहीं फर्जी नहीं है। जिलाध्यक्ष को पता नहीं है इसलिए उन्होंने मना किया होगा। सूची हमारे यहां से जारी हुई है।

ट्रेंडिंग वीडियो