scriptजमीनी विवाद में फायरिगं, चार घायल, कब्जा करने आए लोगों का ग्रामीणों ने धुना | Firing in land dispute, four injured | Patrika News

जमीनी विवाद में फायरिगं, चार घायल, कब्जा करने आए लोगों का ग्रामीणों ने धुना

locationसीकरPublished: Jul 25, 2021 07:01:07 pm

Submitted by:

Sachin

राजस्थान सीकर जिले के चैनपुरा दादली इलाके में रविवार को जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट व फायरिंग हो गई।

जमीनी विवाद में फायरिगं, चार घायल, कब्जा करने आए लोगों का ग्रामीणों ने धुना

जमीनी विवाद में फायरिगं, चार घायल, कब्जा करने आए लोगों का ग्रामीणों ने धुना

सीकर. राजस्थान सीकर जिले के चैनपुरा दादली इलाके में रविवार को जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट व फायरिंग हो गई। घटना में एक शख्स गोली लगने पर जख्मी हो गया। जबकि चार अन्य मारपीट में घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कब्जे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार घोराणा निवासी प्रहलाद सैनी उर्फ कालू ने चैनपुरा दादली निवासी पूर्व सरपंच कल्याण सैनी व चिरंजी सैनी से जमीन खरीदी थी। लेकिन, पूरे रुपए नहीं देने पर जमीन का कब्जा नहीं दिया गया। जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। शनिवार को जब पूरा परिवार सालासर गया तो पीछे से प्रहलाद सैनी ने कुछ लोगों के साथ मकान पर कब्जा जमा लिया। आरोप है कि घर का सामान बाहर फेंककर गहने तक कब्जे में ले लिए। सालासर से जब कल्याण सैनी का परिवार लौटा तो कब्जा देख दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें ग्रामीणों ने कब्जा करने आए लोगों की पिटाई कर दी। आरोप है कि घटना में कब्जा करने आए पक्ष ने फायरिंग भी की। जिसमें कल्याण सैनी पक्ष के प्रहलाद सैनी के दांए हाथ में गोली लगी। जबकि दोनों पक्ष के कुल चार जने घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए एसके अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अलमारी में छुपे आरोपी, महिलाओं व ग्रामीणों ने पकड़ा
फायरिंग की सूचना पर दादिया पुलिस मौके पर पहुंची ता ेएकबारगी तो मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला। लेकिन, बाद में कब्जा करने आए चार आरोपी घर में ही अलमारी के ऊपर छुपे मिले। जिन्हें घर की महिलाओं ने देखा तो पुलिस को जानकारी देकर पकड़वाया। जबकि एक आरोपी को ग्रामीणों ने खेत में भागते हुए पकड़ा। पुलिस पांचों से पूछताछ कर रही है।


निजी वाहन से ले जाने पर आक्रोश
घटना के बाद पुलिस आरोपियों को निजी खुले वाहन में थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस का भी विरोध किया। उनका कहना था कि वाहन से आरोपी भाग सकते हैं। बाद में पुलिस की गाड़ी मंगवाकर आरोपियों को थाने ले जाया गया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो