script

वसुंधरा- पूनिया की गुटबाजी पर बोले कटारिया, भाजपा किसी नेता की पार्टी नहीं, कई दिग्गज आए और चले गए

locationसीकरPublished: Jun 20, 2021 07:26:12 pm

सीकर. नेता प्रतिपक्ष गुलाचंद कटारिया ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गुटबाजी के बीच भाजपा नेताओं को आइना दिखाने वाला बयान दिया है।

वसुंधरा- पूनिया की गुटबाजी पर बोले कटारिया, भाजपा किसी नेता की पार्टी नहीं, कई दिग्गज आए और चले गए

सीकर. नेता प्रतिपक्ष गुलाचंद कटारिया ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गुटबाजी के बीच भाजपा नेताओं को आइना दिखाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी आदमी या नेता के भरोसे चलने वाली पार्टी नहीं है। यहां बड़े- बड़े दिग्गज आए और चले गए लेकिन पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ा। कटारिया सीकर में भाजपा के एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रेस को संबोधित कर रहे थे। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर आगे कहा कि कि वे 44 साल से भाजपा में काम कर रहे हैं। भाजपा किसी व्यक्ति पर आधारित पार्टी नहीं है। बल्कि, सिद्धांतों व जीवन मूल्यों पर आधारित है। कहा कि हम दो सांसद रह गए तो भी भाजपा खड़ी हो गई। क्योंकि यह कार्यकर्ताओं की ताकत के आधार पर चलने वाली पार्टी है। किसी एक नेता के भरोसे जिंदा रहने वाली पार्टी नहीं है। इस दौरान कटारिया प्रदेश कांग्रेस सरकार पर भी हमलावर रहे। कहा कि तीन महीने में केंद्र से मिली 1 करोड़ पांच लाख वैक्सीन में से राज्य सरकार 57 लाख वैक्सीन ही लगा पाई है। उसमें भी सरकार सबसे ज्यादा वैक्सीन लगवाने का ढिंढोरा उसी तरह पीट रही है, जैसे पका पकाया खाना मिलने के बाद परोसने वाला कहे कि उसने लोगों को अच्छा जिमाया। उन्होंने कोरेाना के मुद्दे पर मुख्यमंत्री गहलोत को केंद्र सरकार पर होशियारी से बम फेंकने वाला भी बताया। कहा, कि पहले तो वैक्सीन खुद लगवाने की बात कही और जब ग्लोबल टेंडर फेल हो गए तो 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के टीकाकरण को संभालने के लिए भी केंद्र को कह दिया।

पीएम मोदी ने बढ़ाया मान
इस दौरान कटारिया ने पीएम मोदी की भी जमकर तारीफ की। कहा कि पीएम ने कोरोना काल में देश में बेहतरीन प्रबंध किया। यदि पिछले साल पीएम मोदी ने लॉकडाउन नहीं लगाया होता तो राजस्थान ही क्या कमजोर मेडिकल व्यवस्था की वजह से पूरा हिंदुस्तान ही तबाह हो जाता। कहा, कि पहले वैक्सीन के लिए देश विदेशों पर निर्भर रहता था। लेकिन पीएम मोदी ने हिंदुस्तान में ही दो वैक्सीन तैयार करवा देश का मान भी बढ़ाया। वहीं, गरीब कल्याण योजना से 80 करोड़ लोगों को निशुल्क गेहूं, चावल व दाल भी दी। जिसका वितरण आगे भी नवंबर तक किया जाएगा।


संगठन को लेकर चर्चा
कटारिया ने भाजपा कार्यालय में स्थानीय नेताओं के साथ बैठक भी की। जिसमें उन्होंने जिले की समस्याओं, भाजपा के विभिन्न आनुषांगिक संगठनों की सक्रीयता व विभिन्न आंदोलनों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती, जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी, महामंत्री रमेश जलधारी समेत मंडल पदाधिकारी मौजूद थे।

ट्रेंडिंग वीडियो