कोहरे से लिपटी रही सुबह, बढ़ा तापमान
इससे पहले शेखावाटी में शुक्रवार को भी सुबह घना कोहरा देखने को मिला। जिसकी शुरुआत गुरुवार रात से ही हो गई। आलम ये रहा कि सीकर शहर जैसे आबादी इलाके में भी दृश्यता 100 मीटर रह गई। ग्रामीण इलाकों में इसका असर ज्यादा रहा। दृश्यता की कमी की वजह से वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी रही। कोहरे व आशिंक बादलों की वजह से तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। जो फतेहपुर में न्यूनतम भी 10.3 डिग्री दर्ज हुआ। हालांकि कोहरे व नम हवाओं की वजह से सर्दी का असर शुक्रवार को भी बना रहा। कोहरे ने साढ़े दस बजे तक धूप भी नहीं खिलने दी।
स्काई मेट ने जताई भारी बरसात की आशंका
इधर, स्काई मेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी पहाड़ों पर सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश होगी। मौसम प्रणाली की परिधि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी फैलेगी। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली को कवर करते हुए उत्तरी मैदानी इलाकों में 21 जनवरी से मौसम की गतिविधियां शुरू होंगी। अगले 2 दिनों में भारत के गंगा के मैदानी इलाकों के पूरे हिस्से में दिल्ली, लखनऊ, पटना, रांची और कोलकाता की राजधानी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। 24 जनवरी को बारिश का दौर कम होना शुरू हो जाएगा और फिर भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी खासकर पूर्वी हिस्सों में छींटे पड़ेंगे। बरसात के बाद कड़ाके की ठंड वापस लौटेगी।