scriptयुवाओं की उम्मीदों को लगेंगे पंख, पशुधन सहायक सहित इन विभागों में 2500 से अधिक पदों पर भर्ती | jobs special page 20 march 2018 in sikar | Patrika News
सीकर

युवाओं की उम्मीदों को लगेंगे पंख, पशुधन सहायक सहित इन विभागों में 2500 से अधिक पदों पर भर्ती

चुनावी साल में सरकार ने अटकी नौकरियों की राह खोल दी है।

सीकरMar 20, 2018 / 03:53 pm

vishwanath saini

jobs page

सीकर. चुनावी साल में सरकार ने अटकी नौकरियों की राह खोल दी है। राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड की ओर से महिला पर्यवेक्षक, पशुधन सहायक, उद्योग निरीक्षक व सूचना सहायक सहित अन्य विभागों के 2500 से अधिक पदों पर भर्ती होगी। बोर्ड की ओर से आवेदन प्रक्रिया अगले महीने से शुरू की जाएगी। प्रदेश में पटवारी व लिपिक सहित अन्य पदों पर भर्ती के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी होगी। इसके लिए वित्त विभाग ने मंजूरी भी दे दी है। वहीं 2013 में चयनित तृतीय श्रेणी शिक्षकों को भी जल्द नियुक्ति मिलेगी। इसके लिए सभी जिलों में दस्तावेज सत्यापन का कार्य इसी महीने से शुरू होगा। इधर, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने फरवरी महीने में हुई द्वितीय श्रेणी विशेष शिक्षा शिक्षक भर्ती की आंसर की जारी कर दी है। इस भर्ती का परिणाम इसी महीने जारी होने की उम्मीद है। इससे दिव्यांगों को फायदा होगा।


असिस्टेंट टाउन प्लानर के 172 पदों पर भर्ती
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) ने 172 पदों के लिए अधिसूचना जारी की है। इसके तहत असिस्टेंट टाउन प्लानर के पदों पर भर्ती होगी। ऑनलाइन आवेदन 31 मार्च तक होंगे। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के आधार पर होगा। आवेदन की संख्या के आधार पर आयोग परीक्षा के मानकों में बदलाव कर सकता है।


व्यायाम प्रशिक्षक के पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने व्यायाम प्रशिक्षक और क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास अधिकारी के 694 पदों पर भतियों के लिए विज्ञप्ति जारी की है। ऑनलाइन आवेदन 23 अप्रैल तक होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 13 मार्च से शुरू हो गई है। इसमें व्यायाम प्रशिक्षक के 42 और क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 652 पद शामिल है। दूसरी तरफ अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से ग्राम विकास अधिकारी के 3133 पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू होगी।


चयन बोर्ड में 97 पदों पर भर्ती
राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड ने उद्योग प्रसार अधिकारी व उद्योग निरीक्षक के 97 पदों पर भर्तियों के लिए आवेदन मांगे है। ऑनलाइन आवेदन 20 अप्रेल तक होंगे। उद्योग विभाग में ही आर्थिक अन्वेषक, हथकरघा निरीक्षक, लवण निरीक्षक के पदों पर भर्ती होगी। आवेदन शुल्क 250 से 450 रुपए होगा। इस भर्ती में भी युवाओं को आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। इस भर्ती के लिए बोर्ड की ओर से परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।


पर्यवेक्षक के आवेदन चार से
महिला एवं बाल विकास विभाग में महिला पर्यवेक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड ने महिला पर्यवेक्षक के180 पदों पर भर्तियों के लिए आवेदन मांगे है। इसमें 75 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ऑनलाइन आवेदन चार अप्रेल से शुरू होंगे। स्नातक पास अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते है। परीक्षा के लिए सिलेबस अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की ओर से जल्द जारी किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन जुलाई महीने में होने की संभावना है। आवेदन शुल्क 250 से 450 रुपए विभिन्न श्रेणियों के हिसाब से होगा। अभ्यर्थियों को ब्लॉक स्तर पर नियुक्ति मिलेगी।


प्रदेश में 2077 पदों पर भर्ती
पशुधन सहायक भर्ती की राह भी चुनावी साल में खुल गई है। राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड ने पशुधन सहायक के 2077 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 40 वर्ष है। ऑनलाइन आवेदन 11 मई तक होंगे। कक्षा दसवीं पास व पशुधन सहायक के अनुभव वाले अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल हो सकते है। भर्ती में आवेदन शुल्क 250 से 450 रुपए विभिन्न श्रेणियों के अनुसार होगा।


पीएससी में 156 पदों पर भर्ती
पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग (पीएससी) ने वेटनरी ऑफिसर के 156 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे है। इन पदों पर ऑनलाइन आवेदन नौ अप्रेल तक होंगे। आरक्षण का लाभ पश्चिम बंगाल के मूल निवासियों को मिलेगा। अन्य अभ्यर्थी सामान्य वर्ग में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को ऑफलाइन शुल्क 10 अप्रेल तक जमा करना होगा। लेकिन बैंक चालान 9 अप्रेल तक जमा होंगे। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर होगा। लेकिन अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने पर आयोग की ओर से परीक्षा का आयोजन भी कराया जा सकता है। इसका निर्णय आवेदनों की संख्या के बाद होगा। एमपी सहित दूसरे राज्यों में भी वेटनरी के पदों पर भर्ती होगी।


महत्वपूर्ण प्रश्न

राजस्थान सरकार ने प्लास्टिक कैरी बैग पर कब से प्रतिबन्ध लगाया
– 1 अगस्त, 2010
राजस्थान में सेक्टर रिफ ार्म परियोजना किन जिलों में चल रही है
– अलवर, जयपुर , सीकर व राजसमन्द
केन्द्र सरकार ने ‘अन्नपूर्णा योजना’ कब प्रारम्भ की
– अप्रैल, 2000 में
विश्व का पहला होम्योपैथी विश्वविद्यालय कहाँ स्थापित किया गया
– जयपुर
राज्य प्रशासन में मंत्रिमण्डल का मुखिया होता है
– मुख्यमंत्री
पंचायती राज संस्थाओं के प्रत्येक पद पर चुनाव लडऩे की न्यूनतम आयु क्या है
– 21 वर्ष
राज्य का सर्वाधिक आद्र्रता वाला जिला कौनसा है
– झालावाड़
राज्य की दक्षिणी सीमा पर कौनसा राज्य स्थित है
– गुजरात
राजस्थान में सर्वाधिक जनसंख्या किस जनजाति की है

– मीणा
‘खुमाण रासो’ नामक ग्रंथ की रचना किसने की
– दलपत विजय ने
किस राजपूत राजा को ‘स्थापत्य कला का संरक्षक’ कहा जाता है
– महाराणा कुम्भा
किस लोकनाट्य की प्रस्तुति के समय इसके मुख्य गीतों का सम्बन्ध चौमासा, वर्षा ऋतु का वर्णन एवं गणपति वन्दना
से है – रम्मत
किस कलाकार ने ‘गोपीचन्द’ तथा ‘हीर-रांझा’ तमाशा प्रारम्भ किया
– वासुदेव भट्ट
‘बढ़ार’ क्या है
– विवाह के अवसर पर दिया जाने वाला सामूहिक भोज
किस लोक देवता की प्रमुख पीठ कतरियासर (बीकानेर) में है
– जसनाथ जी
कौनसा नगर ‘राजस्थान का कानपुर’ कहलाता है
कोटा
शेरशाह सूरी ने किस शासक के व्यवहार से रूष्ट होकर मारवाड़ पर आक्रमण किया था
– मालदेव
राजस्थान का प्रथम संगठित किसान आन्दोलन कौनसा था
– बिजौलिया किसान आन्दोलन
सम्प सभा के संस्थापक कौन थे
– गोविन्द गिरी
‘मूमल’ क्या है
जैसलमेर में प्रसिद्ध लोकगीत
बीकानेर के किस शासक ने सुमेल
गिरी के युद्ध में शेरशाह सूरी की सहायता की
– राव कल्याणमल

 

मत्स्य संघ में सम्मिलित रियासतें थी

– अलवर, भरतपुर, धौलपुर व करौली

 


इन दिनों चर्चा में…

प्रथम सोलर समिट
भारत दौरे पर आए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो ने राष्ट्रपति भवन में इस समिट का उद्घाटन किया। कर्क और मकर रेखा के बीच आने वाले देशों के समूह इंटरनेशनल सोलर एलायंस (आईएसए) का गठन वर्ष 2015 में पीएम मोदी व फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति ने पेरिस में किया था। इसका मुख्यालय गुरुग्राम (हरियाणा) में है। समूह में वे देश शामिल है जिनमें सालभर धूप रहती है। सभी देश सोलर एनर्जी में मिल कर काम करेंगे। भारत ने 2022 तक सौर ऊर्जा से 100 गीगावॉट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है।


हथियारों का आयात-निर्यात
स्वीड्न स्थित स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2013-2017 के दौरान हथियार और रक्षा उपकरण आयात करने में भारत प्रथम स्थान पर है। वर्ष 2008-12 की तुलना में भारत ने 24 फीसदी ज्यादा हथियार खरीदे है। निर्यातक देशों में अमेरिका प्रथम है।


विद्यादेवी भण्डारी
नेपाल की पहली महिला राष्ट्रपति विद्यादेवी भण्डारी चुनाव में दूसरे कार्यकाल के लिए चुनी गई है। चुनाव में संसद और प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्य वोट देते है। भंडारी को वाम गठबंधन व छोटे दलों का समर्थन मिला था।


शी जिनपिंग
चीनी संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए अधिकतम दो कार्यकाल की सीमा को बहुमत से खत्म कर संविधान संशोधन के प्रस्ताव को कानूनी मंजूरी दी है। इससे मौजूदा राष्ट्रपति शी जिनपिंग आजीवन वर्तमान पद पर बने रह सकेंगे। जिनपिंग अक्टूबर 2017 में दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति चुने गए थे।

 


पत्रिका के हर मंगलवार को प्रकाशित होने वाले यूथ अलर्ट पेज के संबंध में सुझाव फेसबुक पेज पर भेज सकते है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के अपडेट के लिए लाइक करें एफबी पेज।

facebook.com/patrika.sikar
विनीत डोटासरा, धर्मेन्द्र चौधरी, राजीव बगडिय़ा, अरविन्द भास्कर,इंजी. महेश

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो