scriptVIDEO: भारत बंद का व्यापक असर, किसानों ने ट्रेक्टर व ऊंट गाड़ी पर निकाली रैली | Massive effect of Bharat Bandh in sikar | Patrika News
सीकर

VIDEO: भारत बंद का व्यापक असर, किसानों ने ट्रेक्टर व ऊंट गाड़ी पर निकाली रैली

कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान का सीकर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है।

सीकरSep 27, 2021 / 11:21 am

Sachin

भारत बंद का व्यापक असर, किसानों ने ट्रेक्टर व ऊंट गाड़ी पर निकाली रैली

भारत बंद का व्यापक असर, किसानों ने ट्रेक्टर व ऊंट गाड़ी पर निकाली रैली

सीकर. कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान का सीकर शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शहर के बाजार लगभग बंद है। जगह जगह कार्यकर्ता रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं। शहर में जाट बाजार, तबेला बाजार, घंटाघर क्षेत्र, सालासर रोड, स्टेशन रोड व सिल्वर जुबली रोड पर जहां भी नजर डालें दुकानों के सटर बंद पड़े हैं। हर ओर सन्नाटे को चीरती कार्यकर्ताओं के नारेबाजी की गूंज सुनाई दे रही है। कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे- चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

टोलियां बनाकर घूम रहे कार्यकर्ता
भारत बंद को सफल बनाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता जिलेभर में टोली बनाकर घूम रहे हैं। जो कहीं भी दुकानें खुली होने पर उनसे बंद करने का आह्वान कर रहे हैं। हालांकि अजीतगढ़ सहित कई इलाकों में बंद का असर नजर नहीं आ रहा।

ट्रेक्टर व ऊंट गाड़ी पर निकाली रैली
बंद के दौरान सीकर शहर में कार्यकर्ताओं ने ट्रेक्ट्रर व ऊंट गाड़ी पर रैली निकालकर कृषि कानूनों से सहित पेट्रोल- डीजल की दरों में बढ़ोत्तरी का भी विरोध किया। रैली शहरभर में निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

पुलिस का जाब्ता तैनात
बंद के दौरान प्रशासन के आलाधिकारी जिले में हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। जगह जगह पुलिस फोर्स तैनात की गई है। टोलियों व रैलियों के साथ भी पुलिस का भारी जाब्ता घूमता दिख रहा है।

कांग्रेस सेवादल ने की जलपान की व्यवस्था
बंद के समर्थन में कांग्रेस सेवादल भी किसानों के साथ है। कांग्रेस सेवादल की ओर से शहर में प्रदर्शनकारियों के लिए जल-पान का शिविर लगाया गया है।

रीट अभ्यर्थियों को परेशानी नहीं
इधर, बंद के बीच रीट अभ्यर्थियों का आवागमन जारी है। किसान मोर्चा की ओर से उनकी आवाजाही में बाधा नहीं पहुंचाने का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। ऐसे में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो