यहां आया विवाद सामने
जनता ने विरोध किया तो खुद बदल दिया स्थान
शहर के सिटी डिस्पेंसरी नंबर दो के पास चौक में बूथ स्थापित करने का क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि यह इस सार्वजनिक चौक में कृष्णावतार नाटक, दुर्गा पूजा जैसे सार्वजनिक धार्मिक आयोजन होते हैं। ऐसे में बूथ मालिक ने अपने स्तर पर ही डिस्पेंसरी के पास बूथ स्थापित कर दिया। ऐसे में यहां अब बड़े वाहन को घूमने परेशानी होगी। साथ ही यातायात भी बाधित होगा।
संकड़ी सड़क पर दुकान के सामने बनाया बूथ
शहर के राधाकिशनपुरा में त्रिमूत्रि मंदिर के पास दुकानों के सामने बूथ बना दिया गया। क्षेत्र के निवासी रामकला अग्रवाल व अन्य लोगों ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन देकर इसका विरोध जताया। लोगों का कहना है कि यह अति व्यस्त क्षेत्र है। इस मार्ग पर परिवहन विभाग सहित कई सरकारी कार्यालय स्थित है। हर समय जाम की स्थिति रहती है। रास्ते में बूथ स्थापित करने से जाम की परेशानी बढ़ेगी।
घर के सामने बूथ निर्माण के लिए डाल दिए सिमेंट ब्लॉक
शहर के आमली रोड पर ब्राह्मण समाज समिति भवन के पास एक घर के सामने बूथ का निर्माण करने के लिए सिमेंट के ब्लॉक डाल दिए। मकान मालिक आलोक बियाणी ने नगर परिषद आयुक्त को इसकी शिकायत की है। लेकिन अभी तक नगर परिषद के अधिकारियों ने वहां मौका नहीं देखा है।
नियमों की अवहेलना, जिम्मेदार नहीं है गंभीर
शहर में लग रहे डेयरी बूथों की स्थिति देखी तो जाए तो यहां पर नियमों की अवहेलना की जा रही है। नगर परिषद की समिति ने वर्ष 2019 में बूथ के लिए स्थान का चयन किया था। उस दौरान दावा किया गया था कि सर्वे के बाद चयनित किए गए स्थान पर बूथ का निर्माण होने से किसी प्रकार का यातायात प्रभावित नहीं होगा। साथ ही दुकानदारों की परेशानी का भी ध्यान रखा जाएगा। लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि चयनित नक्शे पर बूथ का निर्माण करने के दौरान परिषद का कोई अधिकारी कर्मचारी उपस्थित नहीं रहता। ऐसे में अधिकतर बूथ मालिक पक्का फाउंडेशन तैयार कर बूथ का निर्माण कर रहे हैं। जबकि नियमानुसार फुटपाथ की चौड़ाई के अंदर ही डेयरी बूथ का निर्माण किया जा सकता है। सड़क या फुटपाथ पर डेयरी बूथ लगाने की मंजूरी केवल 30 फीट और इससे अधिक चौड़ाई की सड़क पर ही दी जा सकती है। फुटपाथ पर डेयरी बूथ लगाया जाता है तो कम से कम एक मीटर चौड़ाई में स्थान छोडऩा होगा, ताकि पैदल यात्री वहां से आराम से गुजर सके। किसी संपत्ति परिसर या भवन के गेट से कम से कम दस मीटर दूरी पर बूथ लगाया जा सकता है।
इनका कहना है...
शहर में डेयरी के 80 बूथ लगाए जा रहे हैं। इनका स्थान समिति ने सर्वे के बाद चयन किया था। कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति सामने आई है। दोनों पक्षों को सुनकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
महेश योगी
राजस्व अधिकारी, नगर परिषद सीकर