शेखावाटी में लगातार तीसरे दिन भी न्यूनतम पारा जमाव बिंदु पर
फतेहपुर में न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री दर्ज
अगले 24 घंटे के दौरान शीतलहर और पाला गिरने की चेतावनी

सीकर. शेखावाटी इलाके में सर्दी का कहर जारी है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर लगातार तीसरे दिन भी पारा जमाव बिन्दू पर रहा। केंद्र में न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री दर्ज हुआ। इधर मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन तक दिन में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर पाला भी गिर सकता है।सीकर में गुरुवार सुबह कई इलाके आंशिक कोहरे के आगोश में रहे। सूर्योदय के बाद तेज धूप खिली लेकिन नम वातावरण के कारण कोई खास राहत नहीं दे सकी। सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री, पिलानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री और चूरू में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया।
एक फरवरी को सक्रिय होगा पश्चिम विक्षोभ
नए पश्चिम विक्षोभ के कारण सर्द हवाओं से अंचल को कुछ राहत मिल सकती है। 1 फरवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों पर दस्तक दे सकता है। जिसके चलते उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाओं की रफ्तार मंद पड़ जाएगी। पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी 1 से 3 फरवरी के बीच होगी। आगामी बारिश के स्पेल में मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। हालांकि इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवाओं की रफ्तार मंद हो जाएगी जिससे दिल्ली व राजस्थान सहित मैदानी राज्यों में लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत अवश्य मिल जाएगी।
दो साल बाद फिर पारा माइनस में
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र के मौसम विशेषज्ञ ओपी कालश ने बताया कि वर्ष 2019 में 26 से लेकर 29 जनवरी तक लगातार चार दिन तक न्यूनतम पारा माइनस में रहा। इस दौरान सबसे कम पारा माइनस 3.4 डिग्री 28 जनवरी को रहा था। 2020 में 27 और 28 जनवरी को न्यूनतम तापमान क्रमश: 13.5 डिग्री और 9.5 डिग्री रहा था। इससे पूर्व 2016, 2017, 2018 में न्यूनतम पारा जमाव बिन्दू से उपर ही दर्ज की किया गया था।
अब पाइए अपने शहर ( Sikar News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज