सीकर

राजस्थान में तीन दिन रुककर होगी बरसात, आने वाला है मानसून

राजस्थान में प्री- मानसून की झमाझम बरसात के बाद प्रदेश में मौसम आज से पूरी तरह बदल जाएगा।

सीकरJun 23, 2022 / 10:51 am

Sachin

राजस्थान में तीन दिन रुककर होगी बरसात, आने वाला है मानसून

सीकर. राजस्थान में प्री- मानसून की झमाझम बरसात के बाद प्रदेश में मौसम आज से पूरी तरह बदल जाएगा। मौसम पूरी तरफ शुष्क होने से प्रदेश में अब तीन दिन तक बरसात के कोई आसार नहीं है। पर इसके बाद मानसून सक्रीय हो जाएगा। जिससे प्रदेश में फिर बरसात का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने इस संबंध में ताजा रिपोर्ट जारी की है। जिसके अनुसार प्रदेश में अब तीन दिन मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। इसके बाद 26 जून को पूर्वी राजस्थान से मानसून का प्रवेश हो सकता है। जिससे प्रदेश के उदयपुर व कोटा संभाग में बरसात होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान अंचल के बारां, झालावाड़, चित्तोडगढ़़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ व उदयपुर जिलों के कुछ इलाकों में बारिश की शुरुआत होगी।

मानसून में फिर एक- दो दिन की देरी
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मानसून के प्रवेश में अब एक से दो दिन की देरी और होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मानसून को आगे बढ़ाने वाला कम दबाव या परिसंचरण तंत्र नहीं बनने की वजह से मानसून में देरी हुई है। ऐसे में मानसून अब 26 से 27 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।

यहां हुई बरसात
इससे पहले राजस्थान के कई जिलों में गुरुवार को भी बरसात का दौर जारी रहा। जो हल्की व मध्यम गति से बरसी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान के बारां, सिरोही, सीकर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, टोंक, झुंझुनंू, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, बाड़मेर, पाली व हनुमानगढ़ जिले के कई हिस्सों में ये बरसात दर्ज हुई। पिछले 48 घंटों में सबसे ज्यादा बरसात बीकानेर जिले के नोखा तहसील में दर्ज हुई। जहां 47.0 एमएम बरसात हुई।

38.8 डिग्री तापमान के साथ जालौर सबसे गर्म
बरसात में कमी के साथ ही अंचल में गर्मी का असर भी बढऩे लगा है। धूप खिलने से दिन का तापमान बढऩे लगा है। रात व दिन के तापमान में भी अंतर बढऩे लगा है। अधिकतम तापमान की बात करें तो बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान पूर्वी राजस्थान में सबसे ज्यादा सिरोही में दर्ज हुआ। जहां अधिकतम तापमान 38.2 रहा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो सबसे ज्यादा गर्मी 38.8 डिग्री तापमान के साथ जालौर में दर्ज हुई। मौसम के जानकारों के अनुसार आगामी एक-दो दिन में प्रदेश के तापमान में ओर बढ़ोत्तरी हो सकती है। हालांकि मानसून के सक्रीय होने की संभावना से गर्मी का असर ज्यादा लंबा नहीं रहेगा।

Home / Sikar / राजस्थान में तीन दिन रुककर होगी बरसात, आने वाला है मानसून

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.