scriptराखी पर बस यात्रा करने से पहले पढ़ लीजिए यह खबर… | Read this news before taking a bus trip on Rakhi | Patrika News

राखी पर बस यात्रा करने से पहले पढ़ लीजिए यह खबर…

locationसीकरPublished: Aug 11, 2019 07:06:06 pm

Submitted by:

Gaurav kanthal

त्योहार से पहले संविदाकर्मियों की हड़ताल से रोडवेज बस सेवा के बिगड़े समीकरण। जबकि अभी से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है।

sikar

राखी पर बस यात्रा करने से पहले पढ़ लीजिए यह खबर…

सीकर. प्रदेश में संविदा पर लगे बस चालकों की सोमवार से प्रस्तावित हड़ताल ने रोडवेज का समीकरण बिगाड़ दिया है। प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन हड़ताल को देखते हुए निगम प्रशासन ने सभी स्थाई चालकों के स्वीकृत अवकाश को रद्द कर दिया है। चालकों के साप्ताहिक अवकाश को आगे बढ़ा दिया है। इन सबके बावजूद अब निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती रक्षाबंधन पर्व पर बढ़ रहे यात्री भार को समय पर गंतव्य स्थल तक पहुंचाना है। अधिकारियों व चालकों का मानना है कि सहारा कंपनी के सभी चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से निगम सभी बसों का संचालन नहीं कर सकता है। हड़ताल लम्बी चलने पर यात्रियों सहित निगम के सामने भी भारी परेशानी हो जाएगी। गौरतलब है प्रदेश के सभी डिपो में संविदा चालक यूनियन के बैनर तले 12 अगस्त रात 12 बजे से हड़ताल प्रस्तावित है।
प्रदेश में 1850 सीकर में 38
प्रदेश में संविदा पर 1850 और सीकर डिपो में 38 चालक संविदा पर सहारा कंपनी के हैं। इन चालकों के हड़ताल पर जाने से इन मार्गों पर बस नहीं चल पाएगी। जिससे निगम के शिड्यूल प्रभावित होंगे। इसके अलावा रक्षाबंधन पर्व पर इन रूटों पर सबसे अधिक यात्रीभार रहता है। ऐसे में प्रस्तावित हड़ताल के अनिश्चिकालीन होने के कारण जहां एक ओर निगम को लाखों रुपए का राजस्व खोना पड़ेगा वहीं हजारों यात्रियों को परेशानी होगी। रोडवेज अधिकारियों की माने तो रक्षाबंधन पर्व से पहले यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है।
इन मार्गों पर पड़ेगा असर
समय पर वेतन नहीं मिलने, बरसों से निगम में सेवाएं देने के बावजूद निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का प्रावधान नहीं होने जैसी सामान्य मांगों को लेकर संविदा चालक हड़ताल पर जा रहे हैं। संविदा चालक यूनियन, सीकर के कोषाध्यक्ष नानूराम ने बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर निगम की नियमित और द्रुतगामी सेवाओं पर पड़ेगा। सीकर डिपो पर सर्वाधिक असर नीमकाथाना, खंडेला, लोसल, नावां, चूरू मार्ग पर पडेगा। इसके अलावा सहारा के चालक हरिद्वार और जोधपुर मार्ग पर भी बस चलाते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो