सीकर

राजस्थान चुनाव में BJP के इस विधायक को नहीं चाहिए टिकट, राजनीति छोड़ करना चाहते हैं भजन

MLA Sundarlal Interview : भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार सुंदरलाल ‘काका’ को मेघवाल समाज के बड़े चेहरे के रूप में जाना जाता है।

सीकरOct 28, 2018 / 12:28 pm

vishwanath saini

Sundar Lal MLA Pilani Jhunjhunu wants Retirement from Politics

चिड़ावा(झुंझुनूं). राजस्थान प्रदेश की राजनीति के सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी एससी आयोग चेयरमैन व पिलानी विधायक सुंदरलाल। 86 साल के सुंदरलाल ने राजनीति में अनगिनत पड़ाव देखे। कभी हार मिली तो कभी जीत का सेहरा बंधा। मगर जज्बा ज्यों का त्यों है। हां, स्वास्थ्य जवाब देने लगा।

चेयरमैन सुंदरलाल सात बार विधायक बने, जिसमें दो बार कैबिनेट मंत्री, एक बार राज्य मंत्री व एक बार संसदीय सचिव बने। भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार सुंदरलाल को मेघवाल समाज के बड़े चेहरे के रूप में जाना जाता है। विधायक सुंदरलाल इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे। वजह, बढ़ती उम्र व गिरता स्वास्थ्य। हमने विधायक सुंदरलाल से आगामी चुनाव को लेकर बात की, तो बोले, छोटा बेटा कैलाश मेघवाल ही चुनाव लड़ेगा।


सवाल-आप चुनाव नहीं लड़ रहे, वजह?
जवाब-मेरा स्वास्थ्य बहुत ज्यादा खराब रहने लगा। उम्र की 86 पार हो चली। प्रोग्राम में ज्यादा देर खड़ा नहीं रह सकता। ऐसे में चुनाव लडऩे से क्या फायदा।


सवाल-विधानसभा चुनाव में जनता कैलाश को वोट क्यों दें?
जवाब-विकास के नाम पर। हमने पिलानी में खुब विकास करवाया। स्कूलें क्रमोन्नत करवाई, सडक़ें बनवाई, पानी की समस्या दूर की। जनता का प्रधान कैलाश को पूरा स्नेह भी मिल रहा है।


सवाल-क्या आपको लगता है आपके साथ जुड़े लोग प्रधान का साथ दे पाएंगे?
जवाब-क्यों नहीं देंगे। हमने सब को परिवार माना है। कोई नाराज हुआ तो मनाया भी है। जनता का पुरा समर्थन है। बड़े अंतर से कैलाश जीतेगा।


सवाल-आलाकमान व आपके समर्थक चाहे तो भी चुनाव नहीं लड़ेंगे?
जवाब-नहीं। चुनाव लडऩे की उम्र नहीं रही। मैंने पहले भी आलाकमान की लिखकर दे दिया। चार साल से जनता को भी चुनाव नहीं लडऩे की बात कह रहा हूं। समर्थक मनुहार कर रहे हैं। मगर सब को समझा दिया।


सवाल-आपका बड़ा बेटा डॉ.धर्मपाल भी मैदान में उतरने की तैयारी में है, कहीं नुकसान नहीं होगा?
जवाब-वो तो कांग्रेस की टिकट मांग रहा है। टिकट ही नहीं मिलेगी। चुनाव लडऩा सब का अधिकार है। उसके चुनाव लडऩे से कोई फर्क नहीं पडऩे वाला।


सवाल-आपके हिसाब से प्रदेश में भाजपा को कितनी सीट मिलेंगी?
जवाब-प्रदेश में भाजपा को 115-120 सीट मिलेंगी। भाजपा पुर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।


सवाल-प्रदेश में भाजपा की हवा खराब है, कहीं पिलानी की सीट का खतरा नहीं?
जवाब-प्रदेश में कही भाजपा की हवा खराब नहीं। मुख्यमंत्री की सुराज यात्रा में जनता का पूरा समर्थन मिला। यात्रा से हवा बनी है।

 

सवाल-अगर प्रधान कैलाश मेघवाल को पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो?
जवाब-कैसे नहीं मिलेगी। भाजपा की टिकट का सही मायने में कोई दूसरा दावेदार हीं नही है। कैलाश को ही टिकट मिलेगी।


सवाल-भाजपा में स्थानीय स्तर पर गुटबाजी दिख रही है, चुनाव में इसका क्या प्रभाव दिखेगा?
जवाब-भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं। एक-दो तो हर कहीं मिल जाते हैं। उनका कोई उठाव नहीं है।


सवाल-जयपुर में प्रदेश कार्यालय में आपके खिलाफ नारेबाजी की गई?
जवाब-दो-चार लोग हैं। जो हवा बाजी के लिए ऐसा कर रहे हैं। जयपुर में कोई नारेबाजी नहीं की।

 

सवाल-आपकी कोई ऐसी इच्छा जो आपका विधायक रहते नहीं कर पाए?
जवाब-कोई इच्छा नहीं। बस खुब राजनीति कर ली। लोगों की सेवा भी की। अब बस जीतनी जिदंगी बची है। भजन-भाव में गुजारूंगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.