साइड को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार विवाद बाइक सवारों के बीच साइड को लेकर हुआ। वार्ड नंबर 12 निवासी पीडि़त शंकरलाल की कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 15 मई को रात करीब आठ बजे वह फतेहपुर रोड की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान सबलपुरा पावर हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों से उसका साइड को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना गहरा गया कि उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी आरएस कायमखानी ने उस पर चाकू से भी वार किया। उसने चाकू सीधे उसकी छाती में घोंप दिया। जिससे वह बुरी तरफ घायल होकर सड़क पर गिर गया। जिसे नजदीकी लोगों ने हमलावरों से बचाते हुए अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसके होठ व छाती पर 15 टांके लगाकर उसका उपचार किया। घटना में उसका दांया पांव भी टूट गया। जिसके चलते वह दो दिन तक अस्पताल में रहा। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसने पुलिस में घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आरोपी आरएस कायमखानी ने सड़क पर घायल शंकरलाल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया है। जिसमें शंकरलाल सड़क पर पड़ा दिखाई दे रहा है। आसपास काफी लोग भी जमा है। गाने के साथ अपलोड किए गए वीडियो के साथ आरोपी ने धमकी देते हुए लिखा है कि ‘देख लिया ना अंजाम। अभी वक्त है … सुधर जाओ..अभी तो एक ही मारा है..देख लेना अपने हिसाब से।’