सीकर

पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर भागा बदमाश जोधपुर से गिरफ्तार

तेल कम डालने को लेकर हुआ था विवाद

सीकरDec 16, 2019 / 01:21 am

Ajay

पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर भागा बदमाश जोधपुर से गिरफ्तार

सीकर. सदर पुलिस ने मूंडवाड़ा पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर भागे बदमाश को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि पेट्रोल पंप पर तेल कम डालने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। सदर थानाधिकारी विजय सिंह ने बताया कि करणी सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी बेगसर खुनखुना नागौर हाल निवासी जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस फरार युवक रणजी की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि 28 नवम्बर को परिवादी जितेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि मंूडवाड़ा में उसके पेट्रोल पंप पर रात को सफारी गाड़ी में 4-5 युवक आए। तेल कम डालने को लेकर सेल्समैन से झगड़ा करने लगे। काफी समझाने के बाद भी वे नहीं माने। इसके बाद पिस्टल निकाल कर दो फायर कर डाला। सेल्समैन फायरिंग में बाल-बाल बच गया। इसके बाद वे गाड़ी लेकर फरार हो गए। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल आरोपी को ट्रेस करने में साइबर सेल से कांस्टेबल विकास का विशेष योगदान रहा। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
शादी में शामिल होने आए थे
पुलिस जांच में पता लगा कि करणी सिंह अपने दोस्त रणजीत के साथ जोधपुर से कुचामन बहन के देवर की शादी में शामिल होने आया था। वह जोधपुर में बहन के पास ही रहता था। उन्होंने पेट्रोल पंप से एक हजार रुपए का तेल डलवाया था। बाद में तेल कम लगने पर बांडलवास से लौट कर आए और विवाद करने लगे। रणजीत के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के मामले में अजमेर में वह वांछित चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ग्रामीणों का धरना शुरू
गणेश्वर. गांव के राउमावि के सामने प्रधानाचार्य व व्याख्याता को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। सैकड़ों ग्रामीण विद्यालय के सामने धरने पर बैठकर प्रधानाचार्य व व्याख्याता को हटाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानाचार्य व व्याख्याता को समझाइस के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। प्रधानाचार्य व शिक्षकों के बीच चल रही खींचतान से विद्यार्थियों की पढ़ाई चौपट हो रही है। 15 दिन पहले इसकी शिकायत शिक्षा विभाग को भी दी गई थी।

Home / Sikar / पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर भागा बदमाश जोधपुर से गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.