सीकर

शहरी सरकार सम्मान में व्यस्त, शहर समस्याओं से अटा

वार्डों में सभापति और पार्षदों के सम्मान समारोह के साथ जीत के जश्न मनाया जा रहा है।

सीकरDec 02, 2019 / 05:38 pm

Suresh

शहरी सरकार सम्मान में व्यस्त, शहर समस्याओं से अटा

सीकर. निकाय चुनाव के बाद शहरी सरकार सम्मान में व्यस्त है। वार्डों में सभापति और पार्षदों के सम्मान समारोह के साथ जीत के जश्न मनाया जा रहा है। वहीं शहर समस्याओं से अटा है। निकाय चुनाव के बाद भी सरकार अभी तक शहर की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हुई है। स्थिति यह है कि प्रमुख सडक़ों से लेकर गली मोहल्ले तक गंदगी से अटे हैं। कई स्थानों पर चैम्बर क्षतिग्रस्त हो गए। नालियों का गंदा पानी आम रास्तों पर बह रहा है। पत्रिका टीम ने रविवार को शहर की स्थिति का जायजा लिया तो एेसी ही स्थिति सामने आई।
कई जगह कचरे के ढेर
शहर की प्रमख सडक़ों सालासर बस स्टैंड, रामलीला मैदान, सुभाष चौक, तहसील क्षेत्र, फतेहपुर रोड, डोलियों का बास सहित गली-मोहल्लों में कचरे के ढेर लगे हैं। यहां पर समय पर कचरा नहीं उठाए जाने के कारण हर समय आवारा पशु मुंह मारते रहते हैं। जिससे लोगों को दुर्गंध के साथ हर समय सांडों के हमले की आशंका सताए रहती है। लोगों का कहना है कि कचरा दो से तीन दिन में उठाया जा रहा है। कचरा पात्र भी समय पर खाली नहीं किए जा रहे हैं।
कई जगह उखड़ गए चैम्बर
शहर में कई स्थानों पर चैम्बर भी क्षतिग्रस्त होकर उखडऩे की स्थिति में है। कलक्टर बंगले के पास भी चैम्बर क्षतिग्रस्त है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण पानी चैम्बरों से बाहर आम रास्ते में फैल रहा है। जिससे राहगिरों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। सीवरेज के लिए खोदे गए चैम्बरों का भी लेवल अभी तक ठीक नहीं किया गया है। सडक़ से ऊंचाई पर बने इन चैम्बरों से कई बार हादसे हो चुके हैं।
टूट गई रेलिंग, गमलों की संभाल नहीं
शहर में कल्याण सर्किल के पास भी रेलिंग टूट गई है। इसे अभी तक ठीक करवाने की दिशा में परिषद ने कदम नहीं बढ़ाए हैं। एेसे में वहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा सडक़ के बीच डिवाडरों में लगाए गए पेड़ पौधों की भी सार संभाल नहीं की जा रही है। कई गमले वापस टूट चुके हैं। सर्दी के मौसम में इन पेड़ों की सार संभाल नहीं होने से इनके जलने का खतरा पैदा हो गया है।
इनका कहना है…
नगर परिषद में सोमवार को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक कर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद सफाई व अन्य कार्यों को तत्काल शुरू करवा कर जनता को राहत दी जाएगी। जल्द ही बोर्ड की बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
जीवण खां, सभापति, नगर परिषद, सीकर

Home / Sikar / शहरी सरकार सम्मान में व्यस्त, शहर समस्याओं से अटा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.