ब्लॉक अध्यक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक में कमी, पर आरोप- प्रत्यारोप से बचें
शिविर को कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र बाटड़ ने संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी कांग्रेसी सार्वजनिक स्थान पर एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप नहीं करे। कहा कि कमी सबमें होती है चाहे वह ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ही क्यों ना हो। लेकिन, सार्वजनिक मंच व स्थानों पर उनकी कमी उजागर नहीं कर एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए।
चिंतन शिविर में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दामों में बढ़ोत्तरी ने आमजन की कमर तोड़ दी है। हर वस्तु व उत्पाद महंगे होने से लोगों का सुकून से जीना मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने बताया कि प्रदेशभर में जिला स्तर पर नव संकल्प चिंतन शिविर 14 जून तक आयोजित किए जा रहे हैं। जिनमें उदयपुर में हुए राष्ट्रीय चिंतन शिविर के दस प्रस्तावों पर चर्चा व चिंतन के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सीकर में चिंतन शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें जिले के विभिन्न कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के बाद ब्लॉक स्तर पर भी नव संकल्प चिंतन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जहां से आने वाले सुझाव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे।