चार बच्चों के साथ हॉस्टल में रहने को मजबूर
विवाहिता पुष्पा देवी ने उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें बताया कि उसका पति नारूराम और उसके घरवाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने उसे घर से निकाल दिया था। अब पति दूसरा विवाह कर रहा है। जिसका आखातीज का मुहूर्त निकाला गया है। जबकि पति से अब तक उसका तलाक भी नहीं हुआ है। रिपोर्ट में बताया कि घर से निकालने के बाद से वह अपने चार बच्चों के साथ एक हॉस्टल में रह रही है। पर पति को उसकी व बच्चों की कोई फिक्र नहीं है। ना तो वह सुध ले रहा है ना ही भरण पोषण का खर्च दे रहा है। ऐसे में उसका जीवन यापन भी मुश्किल हो गया है। वहीं, उसका जेठ भंवरलाल भी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। विवाहिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पहले खाटूश्यामजी में दर्ज हुआ मुकदमा
इससे एक दिन पहले खाटूश्यामजी में भी एक महिला ने पति पर उसके रहते दूसरी शादी का आरोप लगाया था। जिसमें बताया था कि उसकी शादी 1995 में मुंबई निवासी ओमप्रकाश के साथ हुई थी। जो मूल रूप से खंडेला का रहने वाला है। शादी के बाद उन्हें एक बेटा व बेटी हुई। जिसके बाद वह उसे मुंबई से गांव छोड़ गया। बाद में अपने परिजनों के जरिये उसे पीहर भिजवाकर वापस कभी लेने ही नहीं आया। फिर गुपचुप में मुंबई में ही दूसरी शादी रचा ली। ऐसे में जिले में पत्नी के रहते दूसरी शादी करने वाले पति का ये दूसरा मामला सामने आया है।
Wife accuses husband of second marriage