सीकर

श्रम विभाग के खिलाफ मजदूरों ने खोला मोर्चा, रैली निकालकर किया प्रदर्शन

सीकर. निर्माण मजदूरों को दो साल से शुभशक्ति व अन्य योजनाओं की सहायता जारी नहीं होने से मजदूरों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को सैकड़ों मजदूरों ने ढाका स्मृति भवन से रैली निकालकर श्रम विभाग पर प्रदर्शन कर आम सभा का आयोजन किया।

सीकरSep 17, 2020 / 09:46 pm

Sachin

श्रम विभाग के खिलाफ मजदूरों ने खोला मोर्चा, रैली निकालकर किया प्रदर्शन

सीकर. निर्माण मजदूरों को दो साल से शुभशक्ति व अन्य योजनाओं की सहायता जारी नहीं होने से मजदूरों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को सैकड़ों मजदूरों ने ढाका स्मृति भवन से रैली निकालकर श्रम विभाग पर प्रदर्शन कर आम सभा का आयोजन किया। श्रम विभाग कार्यालय से मजदूरों का जुलूस कलक्ट्रेट पहुंचा। मजदूरों ने गैर आयकरदाता परिवार को छह माह तक 7500 रुपए प्रतिमाह राहत पैकेज देने, न्यूनतम वेतन 21 हजार रुपए प्रतिमाह देने, मनरेगा में 200 दिन काम देने और छह महीने के बिजली बिल माफ करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।

सभा में भरी हुंकार
सभा को संबोधित करते हुए भवन निर्माण मजदूर यूनियन, सीटू के जिला महामंत्री बृजसुंदर जांगिड़ ने कहा कि श्रम विभाग के नियमों के तहत 2 जुलाई से 3 अगस्त 2018 तक श्रम विभाग ने निर्माण मजदूरों का भौतिक सत्यापन कर 12986 आवेदन शुभ शक्ति योजना में स्वीकृत किए। जिनमें से 1700 श्रमिकों की बेटियों को 55 हजार रुपए की सहायता राशि जारी हो चुकी है। शेष श्रमिक दो साल से सहायता का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सहायता राशि जारी नहीं हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि निर्माण मजदूर की मृत्यु के बाद परिवार को तत्काल सहायता की जरूरत होती है, लेकिन दो साल तक उन्हें सहायता जारी नहीं होती है। श्रम विभाग की कार्यशैली से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है, और दलाल गिरोह सक्रिय होकर श्रमिकों को आसानी से ठगने में कामयाब हो जाते हैं। यही हाल श्रमिक के पंजीयन कार्ड का है, पिछले दिनों पैसा लेकर श्रमिक कार्ड सात दिन में बनाने की खबरें अखबारों में छप चुकी हैं। इस दौरान सीटू के जिला महामंत्री सोहन भामू, ओमप्रकाश यादव, रतन सिंघल, सुरेंद्र आंतरी, ओमप्रकाश गुर्जर, सांवरमल यादव ने भी संबोधित किया। जिन्होंने मांगे जल्द पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।

 

भारतीय मजदूर संघ ने मनाया विश्वकर्मा महोत्सव

लक्ष्मणगढ़. सीकर स्थित राजस्थान रोडवेज वर्कशॉप में भारतीय मजदूर संघ कार्यकर्ताओं की ओर से गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती महोत्सव समारोह पूर्वक मनाया गया। अजमेर विद्युत वितरण श्रमिक संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार भास्कर ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि सीकर आगार की मुख्य प्रबंधक इंदिरा गोदारा एवं अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने की। इंदिरा चौधरी ने पेंशन एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के शोषण के संबंध में चर्चा की गई। भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा अर्चना आरती के पश्चात मुख्य वक्ता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने देश में श्रमिक हितों एवं स्वरोजगार के संबंध में विचार व्यक्त किए। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के ओम प्रकाश पुरोहित, राधाकिशन चौबदार, मनोहर लाल शर्मा, लक्ष्मण प्रसाद, जगदीश जांगिड़, राजेंद्र गोवटी सहित अनेक श्रम संगठनों के श्रमिक उपस्थित थे।

Home / Sikar / श्रम विभाग के खिलाफ मजदूरों ने खोला मोर्चा, रैली निकालकर किया प्रदर्शन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.