सिंगरौली

65 समूहों की महिलाओं को मिला 65 लाख रुपए

जानिए क्या है योजना …..

सिंगरौलीSep 20, 2020 / 10:20 pm

Ajeet shukla

65 million rupees given loan to women groups in Singrauli

सिंगरौली. गरीब कल्याण पखवाड़ा में मप्र डे राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन के तहत क्रेडिट कैंप पर आधारित जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में आयोजित कार्यक्रम में 65 महिला समूहों को 65 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया।
महिलाओं के बाकी समूहों को भी आश्वस्त किया गया कि अभी यह क्रम जारी रहेगा और उन्हें आत्म निर्भर बनने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैश्य बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
विधायक ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जा रहा है। सब्जी की खेती, बकरी पालन, मुर्गी पालन व सिलाई मशीन सहित विभिन्न कार्यों के लिए सहायता राशि बैंको से प्रदान कराया जाकर उन्हें आत्म निर्भर बनाया जा रहा है।
महिलाओं के लिए शुरू योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंशानुसार जिले के महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए और बेहतरीन कार्य किया जाएगा। हर जनपदो में अधिक से अधिक समूहों का गठन किया जाएगा। साथ महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद की बिक्री की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए सारी योजना बना ली गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत में एनआरएलएम की जिला प्रबंधक अंजुला झा ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ऋषि पवार, तहसीलदार जीतेंद्र वर्मा, महिला बाल विकास अधिकारी प्रवेश मिश्रा, कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, एनआरएलएम विभाग से मंगलेश्वर सिंह, संजीव सिंह सहित स्व सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.