scriptसीएम का मोदी पर हमला, बोले-भाजपा वाले सेना के शौर्य को भी भुनाने में लगे | Chief Minister Kamal Nath's program in Singrauli NCL ground | Patrika News

सीएम का मोदी पर हमला, बोले-भाजपा वाले सेना के शौर्य को भी भुनाने में लगे

locationसिंगरौलीPublished: Mar 08, 2019 11:57:20 pm

Submitted by:

Ajeet shukla

मोदी से लेकर शिवराज तक को कोसा, कहा कलाकारी कर जीत लिया चुनाव

Chief Minister Kamal Nath's program in Singrauli NCL ground

Chief Minister Kamal Nath’s program in Singrauli NCL ground

सिंगरौली. केंद्र सरकार ने जनता के साथ एक नहीं कई धोखे किए हैं। प्रदेश की जनता को भी पूर्व की राज्य सरकार ने धोखा ही दिया है। आगे ऐसा न हो, इसके लिए आप सब सच्चाई पहचानिए, सच्चाई अपनाइए और सच्चाई का साथ दीजिए। कांग्रेस की सरकार ने 70 दिनों में ही अपनी नीति और नीयत दोनों स्पष्ट कर दिया है। यह बात मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को सिंगरौली दौरे के दौरान कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश के पूर्व मुखिया शिवराज सिंह चौहान को कोसा। कहा, पिछले 15 वर्षों में भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। योजनाएं कांग्रेस के सरकार की, पैसा भी कांग्रेस के कार्यकाल का और फोटो शिवराज सिंह की।
मोदी सरकार पर हमला बोलते हुआ कहा कि भाजपा वाले सेना के शौर्य को भी भुनाने में लगे हैं। पूरे देश में खुद को इस तरह से प्रदर्शित कर रहे, जैसे वह खुद ही पाकिस्तान में घुस गए हों और हमला कर वापस आ गए। वह ये भूल जाते हैं कि भाजपा के ही कार्यकाल में सबसे अधिक आतंकी हमले हुए हैं और जवान शहीद हुए। लोकसभा पर हुए आतंकी हमले के समय में भी उन्हीं की सरकार रही है।
सीएम कमलनाथ ने कहा, प्रदेश की जिम्मेदारी मिली तो कई चुनौतियां सामने थीं। जो प्रदेश उन्हें भाजपा सरकार से मिला, वह किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, बलात्कार में नंबर वन और तिजोरी खाली। कृषि अर्थव्यवस्था वाले देश-प्रदेश में किसानों को ही उपेक्षित कर दिया। कमलनाथ ने यहां बिलौंजी स्थित एनसीएल ग्राउंड में 1०72.2० करोड़ रुपए के लागत की गोंड सिंचाई परियोजना की आधारशिला सहित अन्य कार्यों का भूमिपूजन किया। सीएम ने इससे पहले अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि वह बहुत-बहुत सालों बाद सिंगरौली आए। बोले कि यहां आकर उन्हें उनकी जवानी भी याद आ गई। कहा कि वह सिंगरौली के विकास का वचन देते हैं। यह याद रखिए और इसे पूरा करके दिखाऊंगा। अब तक किए गए कार्यों को गिनाते हुए कहा कि शुक्रवार की रात तक लगभग २५ लाख किसानों के खाते में कर्ज माफी का पैसा पहुंच जाएगा।
जिनकी नीयत साफ नहीं वह गंगा क्या साफ करेंगे
भाजपा को गाय और गंगा पर राजनीति करने वाली पार्टी करार देते हुए कमलनाथ ने कहा कि जिनकी खुद की नीयत नहीं साफ है वह गंगा की क्या सफाई करेंगे। गाय की सुरक्षा के नाम पर भी केवल नौटंकी होती रही है। कहा कि प्रदेश में पूर्व की सरकार ने तो गाय के नाम से भी पैसा खा लिया है। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर भी केवल वादे किए गए। किसानों की तरह महिलाओं के अधिकार भी केवल भाषणों और नारों तक ही सीमित रहे। हम वचन देते हैं कि सभी वादे पूरे करेंगे।
प्रचार कम, काम ज्यादा करती है कांग्रेस सरकार
प्रभारी मंत्री प्रदीप जयसवाल मंत्री खनिज विभाग ने कहा कि हमारी सरकार कार्य करने और परिणाम देने वाली सरकार है। हमारी सरकार में प्रचार कम काम अधिक होगा। सरकार ने अभी तक किसानों का ऋण माफ कर, बिजली के बिल में राहत देकर, निराश्रितों व वृद्धजनों की पेंशन दोगुनी कर व सामूहिक विवाह योजना की राशि बढ़ाकर यह साबित कर दिया कि वह कार्य करने में रुचि रखते हैं। कहा कि जिले की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। समस्याओं का समाधान होगा। जिले में आगे चुनाव में ऐसा नहीं होना चाहिए, जो विधानसभा में देखने को मिला।
मंत्री बोले-सीएम ने पूरी की कई मांग
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण करने के दो घंटे के अंदर किसानों की ऋ ण माफी के आदेश जारी कर दिए। कन्यादान योजना की राशि बढ़़ाकर 51 हजार रुपए कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने 7० दिनों में ऐतिहासिक फैसले लिए गए। यह सब मांग पूरी हो गई, लेकिन अभी कुछ बाकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को हाइवे सहित जिले की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास मंत्री की ओर से बताई गई समस्याओं का जल्द निवारण करने का आश्वासन दिया।
Chief Minister Kamal Nath's program in Singrauli NCL ground
Patrika IMAGE CREDIT: Patrika
किसानों को प्रमाणपत्र, महिलाओं को सम्मान
मुख्यमंत्री ने महिला दिवस के अवसर न केवल सभी को बधाई दी।बल्कि श्रेष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में आगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता रेहाना सिद्दीकी, सामाजिक कार्यकर्ता विजय लक्ष्मी शुक्ला व शर्मिला सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। किसानों को ऋण माफी प्रमाणपत्र व वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को वनाधिकार पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर रीवा संभाग के कमिश्नर डॉ अशोक भार्गव, पुलिस महानिरीक्षक चंचल शेखर, पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्रा, वन मंडलाधिकारी विजय सिंह, आयुक्त नगर निगम शिवेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर ऋ जु बाफना, वीणा सिंह, बीपी सिंह, रेणु शाह, सरस्वती सिंह, अरविंद सिंह चंदेल, कमलेश सिंह, देवेन्द्र पाठक, अमित द्विवेदी, सीपी शुक्ला, रमाशंकर शुक्ला सहित जन प्रतिनिधि व हजारों की संख्या में किसान एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
ऊर्जाधानी के लिए किए यह वादे
जिलेवासियों की हर मूलभूत जरुरतों को जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी।
माइनिंग कॉलेज खोलने का लंबित प्रस्ताव जल्द ही धरातल पर नजर आएगा।
रोजगार में स्थानीय युवाओं के लिए 70 फीसदी पद आरक्षित किया जाएगा।
सीधी-सिंगरौली हाइवे का कार्य जल्द ही शुरू कर उसे पूरा किया जाएगा।
निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
-1072.20 करोड़ रुपए के लागत की गोंड सिंचाई परियोजना की आधार शिला रखी
-जिला चिकित्सालय में 200 बिस्तर के उन्नयन के लिए 17 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य का भूमि पूजन
-विभिन्न क्षेत्रों में पांच गौशालाओं के निर्माण के लिए 2.72 करोड़ रुपए के कार्य का भूमि पूजन
सीएम ने 17 मिनट तक किया संबोधित
– 12.15 बजे हेलीकॉप्टर उतरा और सीधे सिंगरौली पैलेस चले गए
– 12.50 बजे वहां से लौटे और मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री
– 01.33 बजे मुख्यमंत्री ने थामा माइक और शुरू किया संबोधन
– 01.50 बजे तक संबोधन, इसके बाद सम्मान
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो