घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि हत्या एक मामूली सी बात को लेकर हुई है।मोरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव निवासी विनोद सिंह नामक युवक को उसके परिचित दोस्त ने मौत के घाट उतार है। हत्या के मामले में आरोपी के रूप में पुलिस ने ठुरुआ गांव निवासी गोकुल पाठक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मालूम हुआ कि गोकुल पाठक दोस्त विनोद सिंह के साथ ग्राम गिधेर में हिरमतिया के घर गया था।दोनों आपस में एक मामूली बात को लेकर झगड़ रहे थे। बताया गया कि झगड़ते हुए दोनो कर्री गांव पहुंचे। वहीं बातचीत के दौरान तैश में आकर गोकुल पाठक ने विनोद के सिर पर बांस के डंडे से प्रहार कर दिया।नतीजा उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विनोद को मरा देखकर गोकुल वहां से फरार हो गया।
गोकुल ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह विनोद सिंह को लेकर पेशी में देवसर न्यायालय गया था। पेशी के बाद देवसर में ही उसे अपनी बहन ममता शुक्ला के घर ले गया।वहां पर विनोद के द्वारा उसकी बहन के लिए अश्लील शब्दो का प्रयोग किया गया। जिससे आरोपी काफी आक्रोशित था और बदले की भावना से उसे ग्राम गिधेर में हिरमतियां सिंह गोंड के घर ले गया।
वहीं पर दोनों के बीच आपस में बाद विवाद शुरू हुआ, जो अंतत: हत्या की घटना में तब्दील हो गया। गौरतलब है कि शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। एसपी दीपक शुक्ला के निर्देश सक्रिय हुई बरगवां पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से दबोच लिया।घटना के खुलासे के दौरान अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।