scriptइंदौर के बाद अब सिंगरौली में विधायक पुत्र ने की गुंडागर्दी, भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ की मारपीट | Singrauli BJP MLA's son's felony | Patrika News

इंदौर के बाद अब सिंगरौली में विधायक पुत्र ने की गुंडागर्दी, भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ की मारपीट

locationसिंगरौलीPublished: Jan 22, 2020 09:20:46 pm

Submitted by:

Amit Pandey

मामला दर्ज कर जांच में जुटी मोरवा पुलिस….

Singrauli BJP MLA's son's felony

Singrauli BJP MLA’s son’s felony

सिंगरौली. इंदौर में भाजपा के बैटमार विधायक के कारनामे को लोग अभी भूल भी नहीं पाए हैं कि यहां जिले में विधायक पुत्र की गुंडागर्दी का एक और मामला प्रकाश में आ गया है। भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के पुत्र ने गुडांगर्दी करते हुए पार्टी के ही मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट किया है। हैरानी की बात यह है कि विधायक पुत्र के मारपीट करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। उनकी गुंडागर्दी सिर चढक़र बोल रही है। मारपीट की घटना के बाद घटनास्थल खनहना बार्डर पर हडक़ंप मच गया। आरोपी विधायक पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे विधायक रामलल्लू वैश्य का पुत्र विवेकानंद वैश्य खनहना स्थित भाजपा सिंगरौली मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र गर्ग उर्फ बंटी की जमीन पर अवैध कब्जा करा रहा था। जिसे रोकने के लिए भूपेंद्र गर्ग उर्फ बंटी व उसके चाचा सुभाष गर्ग मौके पर पहुंचे। जहां विधायक पुत्र विवेकानंद वैश्य ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर मंडल अध्यक्ष व उसके चाचा पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। मारपीट के बाद विधायक पुत्र ने वाहन में तोडफ़ोड़ भी किया। जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है। घटना के बाद समाज के प्रबुद्ध लोग व व्यापारियों ने मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र के समर्थन में थाने पहुंच गए। जहां इस मामले में मोरवा पुलिस ने आरोपी विवेकानंद वैश्य, गेंदालाल साहू व अन्य लोगों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 , 427, 352, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
जमीन हथिया रहा था विधायक पुत्र
शिकायत में पीडि़त ने बताया है कि खानहना बॉर्डर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र गर्ग की जमीन पर विधायक पुत्र विवेकानंद जबरन घर बनाने की कोशिश कर रहा था। जानकारी होने पर मंडल अध्यक्ष अपने चाचा व एक अन्य के साथ मोरवा अनपरा रोड के खनहना पहुंचे। जहां चुरकी की जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा था। मंडल अध्यक्ष के पूछने पर विधायक पुत्र ने वाहन में तोडफ़ोड़ करते हुए मारपीट किया। जिससे मंडल अध्यक्ष घायल हो गया है।
वर्जन:-
विधायक पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। विधायक पुत्र ने मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रदीप शेंडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिंगरौली

इनसेट:
इधर, बड़े पुत्र ने विधायक पर लगाया गंभीर आरोप
सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैश्य के बिगडै़ल बेटे अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं। एक ओर जहां विधायक का तीसरा पुत्र मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट कर जमीन पर कब्जा कर रहा है। वहीं दूसरी ओर विधायक का बड़ा बेटा पीएन वैश्य अपने पिता विधायक रामलल्लू वैश्य के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए जमीन हड़पना बता रहा है। विधायक का बड़ा पुत्र अपने पिता को गाली-गलौज करते हुए राइफल से हवाई फायर भी किया। जिससे आसपास के लोगों में हडक़ंप मच गया है। भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के घर में शुरू विवाद को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस इस मामले की पड़ताल में भी जुटी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो