scriptटोल प्लाजा पर व्यवस्था फेल, एसपी ने कहा- करवाएंगे वीडियोग्राफी | Toll plaza fails on system, SP says - Karvayega videography | Patrika News

टोल प्लाजा पर व्यवस्था फेल, एसपी ने कहा- करवाएंगे वीडियोग्राफी

locationसिरोहीPublished: Mar 12, 2018 10:10:24 am

Submitted by:

mahesh parbat

फोरलेन हाईवे पर टोल प्लाजा पर व्यवस्था फेल नजर आ रही है।

sirohi

फोरलेन हाईवे पर टोल प्लाजा पर व्यवस्था फेल

सिरोही. फोरलेन हाईवे पर टोल प्लाजा पर व्यवस्था फेल नजर आ रही है। सिरोही-पाली हाईवे पर बागसीन टोल प्लाजा पर हर समय जाम की स्थिति बन रही है। हाल यह है कि लम्बे समय तक वाहन चालकों को कतार में खड़े रहना पड़ता है।
ऐसे में टोल प्लाजा पर अव्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सम्बंधित थाना पुलिस को वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एनएचएआई व टोल प्लाजा कम्पनी के बीच हुए एमओयू के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। दरअसल, फोरलेन हाईवे पर टोल प्लाजा पर वाहनों की लम्बी कतार लग रही है। ऐसे में वाहन जाम में फंस रहे हैं। जिससे वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन टोल प्लाजा कम्पनी की ओर से व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा पर लम्बे समय से पूरी तरह अव्यवस्था का आलम है और नियमित जाम लग रहा है।
टोल प्रबंधन भी समस्या समाधान को कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इससे वाहन चालकों को लाइन में लग कर परेशान होना पड़ता है।
पुख्ता नहीं बंदोबस्त
टोल प्लाजा पर वाहनों का जाम नहीं लगे, इसके लिए पुख्ता बंदोबस्त होने चाहिए। वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकालने के लिए टोल प्रबंधन के पास पर्याप्त सुरक्षाकर्मी नहीं है। इससे ट्रक, बस आदि भारी वाहनों की अराजकता हावी है। भारी वाहन हर लेन पर खड़े हो जाते हैं। इससे दूसरे छोटे वाहन चालकों को गुजरने में परेशानी होती है। इतना ही नहीं फास्टैग लगे वाहन सवारों को लाइन लगानी पड़ती है। घंटों जाम लगने के बाद भी टोल के अधिकारी नजर नहीं आते हैं।
आपातकालीन
रास्ता भी नहीं!
टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहन गुजरने के लिए खुला रास्ता होना आवश्यक है। लेकिन यहां जाम की स्थिति के चलते चालक वाहनों को आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। ऐसे में एम्बुलेंस तक को भी निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पाता है। जिससे आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस रहे हैं।
पालड़ी एम पुलिस ने जांची व्यवस्था
इधर, रविवार को पालड़ी एम थाना पुलिस ने टोल प्लाजा पर व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारी बिहारीलाल व सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्रसिंह ने पुलिस जाप्ता के साथ जायजा लिया। इस दौरान टोल प्लाजा से वाहनों की लम्बी लाइन लगी नजर आई। यात्री व वाहन चालक परेशान दिखाई दिए। हाल यह था कि बीमार लोग भी जाम में फंसे हुए थे। वहीं आस-पास के लोगों के आवागमन के लिए रास्ता नहीं था। वाहन चालकों ने टोल प्लाजा पर अव्यवस्थाओं को लेकर पुलिस को शिकायत भी की। पुलिस ने टोल प्लाजा पर लगे वाहनों के जाम की वीडियोग्राफी भी की।
आमजन शेयर कर सकते हैं वीडियो
पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि जिलेभर के टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति को लेकर सम्बंधित थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वीडियोग्राफी कराने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही आमजन से भी अपील की जाती
है कि अगर किसी भी टोल प्लाजा पर वाहनों की निर्धारित सीमा से ज्यादा लम्बी लाइन या जाम की स्थिति मिलती है, तो उसका वीडियो बनाकर पुलिस के वाट्सएप नम्बर या सिरोही पुलिस के फेसबुक पेज पर पोस्ट करें। जिसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दर्ज की रपट
पालड़ी एम थाना पुलिस ने बताया कि टोल प्लाजा पर व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करवाने की जिम्मेदारी टोल मैनेजर विजयसिंह व अन्य मैनेजमेंट की है, लेकिन यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं मिली। जिससे लोगों के जन-जीवन व स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में रपट दर्ज की गई है। अब सीआरपीसी की धारा-१३३ के तहत जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो