scriptकबाड हालत में पहुंची डेरा सच्चा सौदा की सम्पदा,कीमत जान उड जाएंगे होश | the property of dera sacha soda of two thousand crores in a junkyard | Patrika News

कबाड हालत में पहुंची डेरा सच्चा सौदा की सम्पदा,कीमत जान उड जाएंगे होश

locationसिरसाPublished: Aug 25, 2018 07:13:13 pm

Submitted by:

Prateek

कभी डेरा प्रमुख के सामने अनुयायी नतमस्तक खडे रहते थे और आने-जाने का तांता लगा रहता था लेकिन आज डेरा परिसर में वो नजारा नही है…

(चंडीगढ): हरियाणा की पंचकूला स्थित सीबीआई अदालत ने पिछले साल 25अगस्त को सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दो साध्वियों से बलात्कार करने के मामले में दोषी करार दिया था और अदालत के इस फैसले पर पंचकूला में एक लाख के आसपास संख्या में जमा उनके अनुयायी हिंसा पर उतारू हो गए थे। इस हिंसा में तीन दर्जन से अधिक लोग मारे गए थे। बाद में अदालत ने दोनों मामलों में दस-दस साल की सजा सुनाई और गुरमीत राम रहीम अभी जेल में है। बीते एक साल में डेरा सच्चा सौदा की करीब दो हजार करोड की सम्पदा कबाड हालत में पहुंच गई है।

 

कभी डेरा प्रमुख के सामने अनुयायी नतमस्तक खडे रहते थे और आने-जाने का तांता लगा रहता था लेकिन आज डेरा परिसर में वो नजारा नही है। डेरा की करीब दो हजार करोड की सम्पदा भी कबाड हालत में पहुंच गई है। इनमें करीब बीस तो उत्पादक कारखाने शामिल है। एक फिल्म निर्माण कम्पनी,एक माल,एक सिनेमा हाल,एक होटल और खुदरा दुकानें शामिल है। उपभोक्ता वस्तुओं और फैशन गारमेंट का ब्रांड एमएसजी भी अपनी चमक खो बैठा है। पंचकूला हिंसा के बाद डेरा के कारखाने बन्द कर दिए गए थे। बैंक खाते सीज कर दिए गए। डेरा परिसर में अनधिकृत निर्माण के लिए नगर और ग्राम आयोजन विभाग ने नोटिस जारी कर दिए। डेरा की व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन करने वाली कोर कमेटी के सदस्य पंचकूला हिंसा के सिलसिले में या तो गिरफ्तार कर लिए गए या फिर फरार है। डेरा प्रबन्धन की अध्यक्ष विपासना इंसान और डाॅ पीआर नैन छिप गए है। डेरा के कामकाज की संभाल अब विपासना इंसान की नम्बर दो शोभा इंसान के जिम्मे है।

 

राम रहीम का परिवार अभी डेरा में ही रहता है। लेकिन परिवार के सदस्य रोजाना या साप्ताहिक प्रार्थना सभाओं में शामिल नहीं होते। वे सिर्फ डेरा के पूर्व या मौजूदा प्रमुख की जयंती के कार्यक्रमों में ही शामिल हो रहे है। एक साल पहले डेरा प्रमुख के समक्ष श्रद्धावनत होने वाले राजनेताओं की बडी संख्या थी लेकिन अब कोई राजनेता वहां नहीं पहुंचता। अब डेरा पहुंचने वालों की संख्या बहुत कम रह गई है। डेरा का मल्टीस्पेशिएलिटी हाॅस्पिटल अब सिरसा सिविल सर्जन द्वारा चलाया जा रहा है। डेरा द्वारा संचालित आठ शैक्षणिक संस्थानों के बैंक खातों का संचालन सिरसा के उपायुक्त के अधीन हाईकोर्ट द्वारा बनाई गई कमेटी करती है। इन बैक खातों से शिक्षा संस्थानों के स्टाफ का वेतन दिया जाता है। डेरा में व्यक्तिगत नामों से चलाई जाने वाली अचार इकाई और बेकरी तो अभी चल रही है लेकिन हाईकोर्ट के आदेश पर अन्य इकाइयां बन्द है।

 

दूसरी ओर डेरा प्रमुख के कट्टर अनुयायी कह रहे हैं कि अब धीरे-धीरे डेरा में आने वाले अनुयायियों की संख्या बढ रही है। पिछले 15अगस्त को गुरमीत राम रहीम के जन्मदिवस पर हजारों की संख्या में अनुयायी पहुंचे थे। डेरा प्रमुख की मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने डेरा प्रमुख की तरह ही इस अवसर पर पौधारोपण किया था। मेडिकल कैम्प में सैकडों लोगों का इलाज किया गया। डेरा प्रमुख को सजा से पहले डेरा परिसर में रोजाना 25 से 30 हजार लोग पहुंचते थे लेकिन सजा के बाद यह संख्या शून्य पर आ गई थी। अब चार से पांच हजार लोग रोजाना पहुंचते है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो