सिवान

सिवान: महिला तीन बच्चों संग सरयू में कूदी, बच्चों की डूबने से मौत

एक महिला ने घर वालों की कहासुनी से नाराज होकर जानलेवा कदम उठाकर अपने बच्चों की बली चढा दी…

सिवानOct 03, 2018 / 07:17 pm

Prateek

file photo

(सिवान): परिवार में छोटी मोटी कहासुनी तो चलती रहती है। इन तकरारों को घर में भी सुलझाया जा सकता है। पर कभी यह बातें किसी को नागवार गुजर जाए तो यह जान भी ले सकती है। यहां भी कुछ ऐसा ही हुआ। दरअसल यहां एक महिला ने घर वालों की कहासुनी से नाराज होकर जानलेवा कदम उठाकर अपने बच्चों की बली चढा दी। महिला अपने दो बच्चों को लेकर सरयू नदी में कुद गई। महिला को मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। महिला के तीन बच्चों की इस हादसे में मौत हो गई। तीन बच्चों की मौत के बाद से परिवार में हाहाकार मचा है।


यह मामला जिले के दरौली थाना क्षेत्र का है। घर में मामूली कहासुनी होने पर भन्नाई एक महिला ने तीन बच्चों समेत सरयू नदी में छलांग लगा दी। दो बेटियां और एक बेटे संग कूदी महिला को तो स्थानीय लोगों ने बचा लिया। पर बच्चे नदी की गहराई में डूब गए।

 

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम गांव में रहने वाली एक महिला की परिवार वालों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। भन्नाई हुई महिला अपने बच्चों को साथ लेकर घर से निकल पड़ी। टोला नारायणपुर स्लूईस गेट के पास वह बच्चों को लेकर सरयू नदी में कूद गई।


कुछ लोगों वहां पहले से मौजूद थे पर अंधेरे में महिला किसी को दिखाई नहीं दी। महिला के कूदने के बाद जब पानी की आवाज आई तो लोगों को महिला पानी में छटपटाती दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने नदी में तैरकर महिला को तो डूबने से बचा लिया पर दिव्यांशु और उसकी दो बहनें नदी में डूब गईं। तीनों की उम्र आठ से बारह वर्ष की बताई जा रही है। स्थानीय थानाध्यक्ष देवेश कुमार मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद घर में कोहराम मचा है।

 

Home / Siwan / सिवान: महिला तीन बच्चों संग सरयू में कूदी, बच्चों की डूबने से मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.