सोनीपत

सोनीपत में होगा संग्राम, कांग्रेस ने हुड्डा तो जजपा ने दिग्विजय को चुनाव मैदान में उतारा

अंतिम दिन जजपा ने सभी सीटों पर की प्रत्याशियों की घोषणा, कुरूक्षेत्र में जयभगवान शर्मा पर लगाया दांव…
 

सोनीपतApr 22, 2019 / 06:53 pm

Prateek

hudda and chautala

(चंडीगढ़,सोनीपत): हरियाणा में सोनीपत लोकसभा सीट पर अब चुनावी संग्राम होगा। इस सीट पर सभी दलों द्वारा अपने प्रत्याशियों का ऐलान किए जाने के बाद स्थिति बेहद रोचक बन गई है। कांग्रेस ने रविवार की देररात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को यहां से चुनाव मैदान में उतारा है। हालांकि हुड्डा यहां से चुनाव नहीं लडऩा चाहते थे और उन्होंने बतौर प्रचारक अपना कार्यक्रम भी जारी कर दिया था। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी ने हुड्डा को सोनीपत से मैदान में उतार कर इस सीट को पूरी तरह से सुर्खियों में ला दिया है।


भूपेंद्र सिंह हुड्डा करीब डेढ दशक बाद फिर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी तरफ हुड्डा परिवार करीब साठ साल बाद पहली बार रोहतक से बाहर चुनाव लडऩे जा रहा है। सोनीपत पुराने रोहतक लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा रहा है। जहां से हुड्डा व उनके पिता स्वर्गीय रणबीर सिंह चुनाव जीतते रहे हैं।


सोनीपत सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने निवर्तमान सांसद रमेश कौशिक को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस द्वारा हुड्डा को चुनावी रण में उतारने के बाद आज सुबह जननायक जनता पार्टी ने सोनीपत से दिग्विजय चौटाला को चुनाव मैदान में उतार दिया है। दिग्विजय का यह दूसरा चुनाव है। इससे पहले वह हालही में हुए जींद उपचुनाव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। जींद उपचुनाव में दिग्विजय चौटाला दूसरे नंबर पर रहे थे। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में दिग्विजय के पिता अजय सिंह चौटाला शुरू से ही सक्रिय रहे हैं। जिसके चलते यह तय माना जा रहा है कि दिग्विजय चौटाला को जीत के पायदान पर पहुंचाने के लिए अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला के अलावा आम आदमी पार्टी भी यहां पूरा जोर लगाएगी।


इसी दौरान जननायक जनता पार्टी ने आज सोनीपत के अलावा दो अन्य सीटों पर भी अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। जजपा ने कुरूक्षेत्र से पार्टी नेता जयभगवान शर्मा उर्फ डीडी को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा गुरुग्राम लोकसभा से महमूद खान को चुनाव मैदान में उतार दिया है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.