scriptपंडित नेहरू की वजह से कश्मीर है आज हिंदुस्तान का हिस्सा-गुलाब नबी आजाद | ghulam nabi azad said kashmir is part of india due to nehru | Patrika News

पंडित नेहरू की वजह से कश्मीर है आज हिंदुस्तान का हिस्सा-गुलाब नबी आजाद

locationसोनीपतPublished: May 07, 2019 10:45:05 pm

Submitted by:

Prateek

सोनीपत की ईदगाह कालोनी व गन्नौर में लोगों से रूबरू हुए
 
 

azad

azad

(सोनीपत): राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं हरियाणा के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को लेकर राजनीति करने वाली भाजपा को नहीं पता कि पंडित नेहरू की वजह से ही आज कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि जब पीएम मोदी पैदा भी नहीं हुए थे, तब पंडित नेहरू ने ही पाक के हमले से भारतीय सेना की मदद से कश्मीर को बचाकर देश का हिस्सा बनाया था। लेकिन पंडित नेहरू और कांग्रेस ने कभी इस मुद्दे पर सेना के योगदान को भुनाकर राजनीति नहीं की।

गुलाम नबी आजाद आज ईदगाह कालोनी और गन्नौर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश को बताएं कि वह पाकिस्तान से आज तक किसे पकड़ कर लाए हैं और उनका क्या योगदान है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब देश की तरफ किसी ने आंख तरेरी है, सेना ने माकूल जवाब दिया है। लेकिन देश में सत्तारूढ़ रहते कांग्रेस पार्टी ने कभी इसे नहीं भुनाया और ना ही सेना के नाम पर चुनाव में राजनीति की। उन्होंने कहा कि पीएम रहते स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने 93 हजार पाकिस्तान के सैनिकों को सिरेंडर करने पर मजबूर किया था और बाद में उन्हें रिहा किया। लेकिन इसके नाम पर भी कभी कांग्रेस ने वोट नहीं मांगा। चूंकि सेना देश का गौरव है और वह किसी दल के लिए काम नहीं करती हैं, बल्कि उनका काम देश की सुरक्षा का है।

आजाद ने कहा कि मौजूदा सरकार के पास अपना बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह सेना को आगे करके उसका राजनीतिकरण करना चाह रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वह लोगों के बीच जाएं और उन्हें बताएं कि कैसे भाजपा ऐतिहासिक झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में पीएम ने अपने पद की सारी गरिमा को ताक पर रख दिया है। वह ऐसा झूठ बोलते हैं, जिसका कोई सिर-पैर नहीं होता है। पर, यह कार्यकर्ताओं का काम है कि वह भाजपा के जुमलों की हकीकत लोगों के बीच जाकर रखे। ताकि यहां से बहुमत से जीत दर्ज की जा सके और लोगों को भाजपा की हकीकत का पता चले।

उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि हरियाणा जैसे भाईचारे वाले प्रदेश को भाजपा ने जाति के आधार पर बांटने का काम किया है। जबकि हरियाणा ने कई बड़े दिग्गज नेता देश को दिए हैं, लेकिन किसी ने भी जाति के आधार पर राजनीति नहीं की। इस दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और पंडित कुलदीप शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो